धमतरी पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का गर्मजोशी से हुआ स्वागत
- DSS Admin
- May 17, 2026


धमतरी, 17 मई (हि.स.)। जिलास्तरीय सुशासन तिहार कार्यक्रम में शामिल होने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रविवार को एक दिवसीय प्रवास पर धमतरी पहुंचे। उनके आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
मुख्यमंत्री के धमतरी पहुंचते ही हेलीपैड परिसर जयकारों और स्वागत नारों से गूंज उठा। कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों ने गर्मजोशी और जोशीले अंदाज में उनका स्वागत किया। इस दौरान रायपुर संभाग के कमिश्नर श्याम धावड़े भी उनके साथ मौजूद रहे।
स्वागत करने वालों में सांसद महासमुंद रूप कुमारी चौधरी, विधायक कुरूद अजय चंद्राकर, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा, महापौर रामू रोहरा, नगर पंचायत नगरी अध्यक्ष बलजीत सिंह, पूर्व विधायक रंजना साहू, पिंकी ध्रुव, श्रवण मरकाम, प्रीतेश गांधी, राजेश शर्मा और प्रकाश बैंस सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक शामिल रहे।
इस अवसर पर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के साथ प्रशासनिक तैयारियां भी चाक-चौबंद नजर आईं।

