बांसिया में मुख्यमंत्री ने किया संत गोविंद गुरु की धूणी पर नमन
- DSS Admin
- May 22, 2026
जयपुर, 22 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को डूंगरपुर प्रवास के दौरान संत गोविंद गुरु की जन्मस्थली बांसिया पहुंचकर श्रद्धापूर्वक नमन किया। मुख्यमंत्री ने संत गोविंद गुरु की राष्ट्रभक्ति, सामाजिक चेतना और जनजागरण में दिए गए योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें आदिवासी समाज और देश के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने संत गोविंद गुरु की पावन धूणी के दर्शन कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। धूणी स्थल पर पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने वहां मौजूद लोगों से आत्मीयता से मुलाकात करते हुए उनकी कुशलक्षेम भी जानी। इस दौरान उन्होंने संत गोविंद गुरु के विचारों और समाज सुधार के कार्यों को वर्तमान पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी बताया।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय ग्रामीणों की उपस्थिति रही।
---------------

