ड्रेनेज निर्माण में देरी पर पूर्व डिप्टी सीएम ने अफसरों को लगाई फटकार

कटिहार, 18 मई (हि.स.)। कटिहार शहरी क्षेत्र में स्ट्रांम वॉटर ड्रेनेज सिस्टम के नाला निर्माण में हो रही देरी और बेतरतीब सड़क खुदाई पर पूर्व उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने प्रोजेक्ट निदेशक, सहायक अभियंता और संवेदक प्रतिनिधि अभियंता कार्तिक चौरसिया को बुलाकर फटकार लगाई।

पूर्व डिप्टी सीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि नाला निर्माण के लिए उतनी ही खुदाई की जाए जितना काम तुरंत पूरा हो सके। उन्होंने कहा कि शहर की पक्की सड़कों को मनमाने ढंग से तोड़कर नाला बनाने की कार्रवाई अविलंब बंद हो। अगर सड़क तोड़ना बेहद जरूरी हो तो नगर आयुक्त, कटिहार नगर निगम की अनुमति के बिना सड़क नहीं तोड़ी जाए।

उन्होंने बताया कि बेतरतीब खुदाई के बाद सड़क के कटे हिस्से की तुरंत मरम्मत न होने से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी हो रही है। तारकिशोर प्रसाद ने नाला का एलाइनमेंट सीधा रखने का भी निर्देश दिया।

पूर्व उप मुख्यमंत्री ने कहा कि स्ट्रांम वॉटर ड्रेनेज सिस्टम नगर में जलजमाव की समस्या दूर करने और शहर को स्वच्छ-सुंदर बनाने की महत्वाकांक्षी योजना है। इसके निर्माण में गुणवत्ता की कमी और तकनीक की अनदेखी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने ड्रेनेज सिस्टम के चार निर्माणाधीन आउटफॉल में रोजितपुर आउटफॉल को तुरंत चालू करने का आदेश दिया। बुडको के अभियंताओं को सीधे एलाइनमेंट में ड्रेनेज बनाने को कहा और चेतावनी दी कि मनमाने तरीके से एलाइनमेंट बनाने पर कड़ी कार्रवाई होगी।

---------------

   

सम्बंधित खबर