देवरिया मेडिकल कॉलेज में डेढ़ वर्षीय बालक का जटिल ऑपरेशन सफल, विशेषज्ञों ने बचाई जान

देवरिया, 28 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के महर्षि देवराहा बाबा स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, देवरिया के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने रविवार को डेढ़ वर्षीय बालक का जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक कर एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। गंभीर स्थिति में भर्ती किए गए बालक का समय रहते ऑपरेशन कर चिकित्सकों ने उसकी जान बचायी है।

प्राचार्या डॉ रजनी पटेल ने बताया कि महाविद्यालय के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने भर्ती बालक लेफ्ट टेस्टिकुलर टॉर्शन से पीड़ित था। जांच के दौरान चिकित्सकों ने पाया कि बाएं अंडकोष में रक्त संचार पूरी तरह बंद हो चुका था। ऐसी स्थिति में विशेषज्ञ टीम ने लेफ्ट ऑर्किडेक्टॉमी की, जबकि भविष्य में दाएं अंडकोष को सुरक्षित रखने के लिए राइट ऑर्किडोपेक्सी सफलतापूर्वक की गई।

उन्हाेंने बताया कि इस जटिल शल्य चिकित्सा का नेतृत्व डॉ. वैभव शर्मा (एमसीएच यूरोलॉजी) एवं डॉ. मानवेन्द्र (सहायक प्रोफेसर) ने सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार के मार्गदर्शन में किया। वहीं एनेस्थीसिया की जिम्मेदारी विभागाध्यक्ष डॉ. धीरज और सीनियर रेजिडेंट डॉ. कृष्णा ने सफलतापूर्वक निभाई। ऑपरेशन के बाद बालक सुरक्षित रूप से एनेस्थीसिया से बाहर आ गया और उसकी स्थिति संतोषजनक बताई जा रही है।

----------

   

सम्बंधित खबर