कामरूप (असम), 19 जून (हि.स.)। भीषण गर्मी के बीच छात्रों को राहत देने के उद्देश्य से कामरूप जिला शिक्षा अधिकारी ने महत्वपूर्ण निर्देश जारी किया है। निर्देश के अनुसार अब छात्र-छात्राएं बिना स्कूल यूनिफॉर्म पहने भी विद्यालय जा सकेंगे। यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।
जारी आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि यूनिफॉर्म के नाम पर किसी भी छात्र को विद्यालय आने से नहीं रोका जाएगा और न ही उस पर किसी प्रकार का दबाव या जोर-जुल्म किया जाएगा। बढ़ती गर्मी को देखते हुए विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है।
शिक्षा विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह निर्देश केवल सरकारी विद्यालयों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि निजी विद्यालयों को भी इसका पालन करना होगा। सभी शैक्षणिक संस्थानों को आदेश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
उल्लेखनीय है कि असम में पहली बार इस प्रकार की व्यवस्था लागू की गई है। अभिभावकों और छात्रों ने इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे विद्यार्थियों के हित में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताया है।
----------

