देवराहा बाबा मेडिकल कॉलेज में वृद्ध महिला का जटिल ऑपरेशन सफल
- DSS Admin
- May 09, 2026

देवरिया, 09 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में महार्षि देवराहा बाबा स्वायत्त राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में विशाल प्लीहा वृद्धि (मैसिव स्प्लीनोमेगली) से पीड़ित 65 वर्षीय महिला का सफल ऑपरेशन कर चिकित्सकों ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
मरीज उगा देवी पत्नी स्वर्गीय राम सिघासन कुशवाहा निवासी धनपुरवा, सलेमपुर का मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने चुनौतीपूर्ण शल्य चिकित्सा को सफलतापूर्वक पूरा कर नया जीवन देने का कार्य किया।
इस जटिल ऑपरेशन का नेतृत्व सर्जरी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार ने किया। उनके साथ डॉ. भानु प्रताप सिंह एवं डॉ. मनवेन्द्र सिंह ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। चिकित्सकों की टीम ने अत्यंत सावधानी और कुशलता के साथ ऑपरेशन को सफल बनाया।
ऑपरेशन के दौरान एनेस्थीसिया विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. धीरज सिंह के साथ डॉ. प्रशांत और डॉ. अंकिता ने अपनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई। उनकी निगरानी में पूरी शल्य प्रक्रिया सुरक्षित ढंग से संपन्न हुई। मेडिकल कॉलेज के स्टाप राजेश कुमार और चंचल सिंह अन्य स्वास्थ्यकर्मियों और स्टाफ ने भी ऑपरेशन के दौरान सहयोग प्रदान किया।
मेडिकल कॉलेज डा . शालिनी
ने बताया कि शनिवार को यह सफलता संस्थान में उपलब्ध आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं, विशेषज्ञ डॉक्टरों की मेहनत और बेहतर टीमवर्क का परिणाम है।
कॉलेज की प्राचार्य डॉ. रजनी एवं सीएमएस डॉ. एच. के. मिश्रा के मार्गदर्शन और सतत सहयोग को भी इस उपलब्धि का प्रमुख आधार बताया गया। चिकित्सकों ने बताया कि विशाल प्लीहा वृद्धि का ऑपरेशन काफी जटिल माना जाता है और इसमें विशेष सावधानी की आवश्यकता होती है।
सफल ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति में सुधार है और उसे चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने पूरी टीम को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए इसे जनपद के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

