
रामगढ़, 19 जून (हि.स.)। रामगढ़ एसपी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने गोला थाना क्षेत्र के बंदा गांव में संचालित अवैध विदेशी शराब निर्माण एवं पैकेजिंग के कारोबार का पर्दाफाश किया गया। एसडीपीओ आलोक रंजन के नेतृत्व में गठित टीम ने छापेमारी कर एक आरोपित को गिरफ्तार किया। वहीं दूसरा आरोपित भागने में सफल रहा। पुलिस ने भारी मात्रा में विदेशी शराब, खाली बोतलें, ढक्कन, विभिन्न ब्रांड का स्टीकर एवं एक अल्टो कार बरामद की है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि बंदा गांव निवासी अशोक साव और अनिल साव अपने-अपने घरों में अवैध विदेशी शराब का निर्माण कर आसपास के क्षेत्रों एवं रजरप्पा मंदिर प्रक्षेत्र की दुकानों में इसकी बिक्री कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद छापेमारी की गई। इस दौरान अशोक साव (44) को गिरफ्तार किया गया। वहीं अनिल साव (42) साव भागने में सफल रहा। तलाशी के क्रम में दोनों के घर से भारी मात्रा में अवैध शराब और अन्य सामग्री बरामद की गई।
तलाशी के दौरान पुलिस ने विभिन्न आकार और ब्रांड के शराब की बोतलों के करीब 7000 पीस ढक्कन, अलग-अलग ब्रांड की 1800 खाली शराब की बोतलें, विभिन्न ब्रांड के करीब 5000 स्टीकर, विभिन्न ब्रांड की 376 बोतल (19 पेटी) विदेशी शराब एवं एक अल्टो कार (जेएच24बी-7800) बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, अशोक साव और अनिल साव का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। इनके विरुद्ध गोला थाना और रजरप्पा थाना में उत्पाद अधिनियम एवं भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत कई मामले दर्ज हैं।
छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आलोक रंजन, गोला अंचल के पुलिस निरीक्षक पंकज कुमार, गोला थाना प्रभारी अभिषेक कुमार, अवर निरीक्षक अमित कुमार, स्वामी रंजन ओझा, कुमार प्रभात रंजन, सहायक अवर निरीक्षक बहादुर महतो, संजय कुमार गोराई, तरसिसिया लकड़ा सहित पैंथर मोबाइल दस्ता एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
---------------

