महंगाई पर कांग्रेस का गंगा सत्याग्रह

कानपुर, 18 मई (हि.स.)। भाजपा सरकार ने महंगाई बढ़ाकर आम आदमी की कमर तोड़ दी है। पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और गैस सिलेंडर के लगातार बढ़ते दामों से गरीब, मजदूर, किसान, व्यापारी, छात्र और मध्यम वर्ग सभी परेशान हैं। परिवहन महंगा होने से राशन, सब्जी, दूध और रोजमर्रा की जरूरत की हर वस्तु के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। यदि केंद्र सरकार ने जल्द कीमतों पर नियंत्रण नहीं किया तो कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक बड़ा आंदोलन चलाने को मजबूर होगी। यह बातें सोमवार को कानपुर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष पवन गुप्ता ने सोमवार को सरसैया घाट पर आयोजित प्रदर्शन के दौरान कही।

महंगाई और ईंधन की बढ़ती कीमतों के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरसैया घाट पर अनोखा प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता गंगा में उतर गए और हाथों में थालियां लेकर उन्हें बजाते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन स्थल पर भारी पुलिस बल भी तैनात रहा।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “महंगाई की मार, नहीं सहेगा हिंदुस्तान”, “जनता त्रस्त, भाजपा मस्त” और “डीजल-पेट्रोल के दाम कम करो” जैसे नारे लगाए। कार्यकर्ताओं ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम लोगों का घर चलाना मुश्किल हो गया है।

पवन गुप्ता ने कहा कि सरकार जनता की समस्याओं से पूरी तरह कट चुकी है और केवल बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि सीएनजी महंगी होने से ऑटो और ई-रिक्शा चालकों की आय पर भी असर पड़ा है।

प्रदर्शन में शहर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, पार्षद, युवा कांग्रेस और महिला कांग्रेस के कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान विकास अवस्थी, अमित पांडेय, नीरज दीक्षित, शालिनी गुप्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी शामिल रहे।

   

सम्बंधित खबर