अम्बिकापुर में सहकारिता सप्ताह का शुभारंभ, आधुनिक तकनीक और डिजिटल बैंकिंग से समृद्ध होंगे किसान
- DSS Admin
- Jun 29, 2026

अम्बिकापुर, 29 जून (हि.स.)। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित, अम्बिकापुर मुख्यालय परिसर में सोमवार को सहकारिता सप्ताह का भव्य शुभारंभ हुआ।
बैंक के अध्यक्ष राम किशुन सिंह ने सहकारी ध्वज फहराकर इस विशेष सप्ताह की शुरुआत की। भारत सरकार के निर्देशानुसार 29 जून से 6 जुलाई तक चलने वाले इस सहकारिता सप्ताह का मुख्य उद्देश्य जिले के किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों और सहकारिता के मूल सिद्धांतों से जोड़ना है। इसके तहत पूरे सप्ताह सरगुजा संभाग में विभिन्न जागरूकणामूलक और विकासपरक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
इस गरिमामयी उद्घाटन समारोह के दौरान जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) श्रीकान्त चन्द्राकर ने सहकारी उपविधि का वाचन किया। कार्यक्रम में सहकारिता विभाग और बैंक के वरिष्ठ अधिकारी प्रमुख रूप से मौजूद रहे, जिनमें उप पंजीयक व उप आयुक्त एस.के. पैकरा, विपणन अधिकारी बीकेपी सिंह, लेखापाल आनंद सिंह, फील्ड अधिकारी राजेश सिंह और सरगुजा नोडल कमलनयन पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में बैंक कर्मचारी शामिल थे। मुख्यालय के साथ-साथ जिले की सभी प्राथमिक कृषि साख समितियों (पैक्स - PACS) में भी पूरे उत्साह के साथ ध्वजारोहण कर उपविधि का वाचन किया गया।
इस सात दिवसीय आयोजन के दौरान जिलेभर में पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें सघन वृक्षारोपण, सहकारिता विकास पर आधारित गोष्ठियां, व्याख्यानमाला, सहकार संकल्प दौड़ और मृदा स्वास्थ्य परीक्षण शामिल हैं। इसके अलावा, किसानों को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के लिए कृषि क्षेत्र में ड्रोन के माध्यम से नैनो या तरल उर्वरक के छिड़काव का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया जाएगा।
डिजिटल बैंकिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किसानों को माइक्रो एटीएम के उपयोग की जानकारी दी जाएगी, साथ ही नए किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) और रूपे कार्ड का वितरण भी किया जाएगा। इस पूरे आयोजन का अंतिम लक्ष्य किसानों को आधुनिक तकनीक, डिजिटल साक्षरता और सहकारिता की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से अधिक सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाना है।
---------------

