जंगल में मिला लापता नेपाली व्यक्ति का सड़ा-गला शव, जांच जारी

शिमला, 13 मई (हि.स.)। राजधानी शिमला के उपनगर सरघींण में बुधवार को झाड़ियों के बीच एक अत्यधिक सड़ा-गला शव बरामद किया गया। स्थानीय लोगों ने भारी दुर्गंध आने पर छानबीन की तो शव मिला, जिसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए आईजीएमसी शिमला भेज दिया है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर साक्ष्य एकत्र किए हैं। प्रारंभिक जांच में शव की पहचान नेपाली मूल के एक व्यक्ति के रूप में हुई है, जो पिछले कई दिनों से लापता था।

शिमला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि लापता व्यक्तियों की सूची से मिलान कर पहचान की पुष्टि हुई है। मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच का इंतजार है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि शव को मारकर फेंका गया या मौत किसी अन्य कारण से हुई।

शव की हालत इतनी खराब थी कि पहचान में काफी दिक्कत आई। घटना के बाद सरघींण और आसपास के इलाकों में सनसनी फैल गई है। स्थानीय निवासियों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और मामले की गहन जांच की मांग की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।

---------------

   

सम्बंधित खबर