पिकअप चालक से पकड़ा चिट्टा, गिरफ्तार

शिमला, 14 जून (हि.स.)। शिमला जिला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रामपुर उपमंडल के तहत ज्यूरी क्षेत्र में एक पिकअप चालक को करीब 6 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामपुर के जघोरी निवासी 38 वर्षीय दीपक राज पुत्र मोती राम के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार 13 जून को पुलिस चौकी सराहन (कैंप ज्यूरी) की टीम ज्यूरी स्थित जेपीएस स्कूल के पास नाकाबंदी और वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान एक पिकअप वाहन को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन चालक के कब्जे से लगभग 6 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

इस मामले में पुलिस थाना झाकड़ी में दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में इस्तेमाल किए गए पिकअप वाहन को भी जब्त कर लिया है। आरोपी को नियमानुसार अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद हेरोइन कहां से लाई गई थी और इसका इस्तेमाल या आपूर्ति किसके लिए की जानी थी। मामले की आगे की जांच जारी है।

---------------

   

सम्बंधित खबर