CRPF में खेल कोटे से 521 पदों पर भर्ती 11 नवंबर तक करें आवेदन
- Editor Chief
- Nov 01, 2026
नई दिल्ली। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने खेल कोटा-2026 के तहत हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल के कुल 521 पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 11 नवंबर 2026 की रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकते हैं।
भर्ती में हेड कांस्टेबल (जीडी) के 182 पद हैं, जिनमें पुरुषों के लिए 150 और महिलाओं के लिए 32 पद निर्धारित हैं। कांस्टेबल (जीडी) के 339 पदों में पुरुषों के लिए 258 और महिलाओं के लिए 81 पद हैं।
हेड कांस्टेबल के लिए 12वीं और कांस्टेबल के लिए 10वीं पास होने के साथ निर्धारित खेल योग्यता अनिवार्य है। अभ्यर्थियों की आयु एक अगस्त 2026 को 18 से 23 वर्ष होनी चाहिए। नियमानुसार आयु में छूट मिलेगी।
चयन प्रक्रिया में दस्तावेज सत्यापन, शारीरिक मानक परीक्षण, खेल ट्रायल और चिकित्सा परीक्षण शामिल हैं। अंतिम मेरिट खेल उपलब्धियों के अंकों से बनेगी।
सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के पुरुष अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 100 रुपये है। महिलाओं, एससी/एसटी और पूर्व सैनिकों को शुल्क से छूट है। आवेदन एवं विस्तृत जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट rect.crpf.gov.in देखें।

