देहरादून, 03 जून (हि.स.)। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में बुधवार को सचिवालय में सिंगल विंडो के अंतर्गत निवेश से सम्बन्धित राज्य स्तरीय अधिकार प्राप्त समिति की 65वीं बैठक आयोजित हुई। बैठक के दौरान प्रदेश में निवेश से संबंधित स्वीकृत नए प्रस्तावों को संस्तुति दी गई।
बैठक में मुख्य सचिव ने विभिन्न मामलों के निस्तारण में हो रही देरी पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को सिंगल विंडो प्रणाली के तहत आने वाले प्रकरणों का प्रोएक्टिव होकर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने उद्योग सचिव को भी देरी पर सम्बन्धित से स्पष्टीकरण मांगे जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सिंगल विंडो से मिलने वाली स्वीकृतियों के लिए समय-सीमा निर्धारित है। इसके अंतर्गत ही सभी स्वीकृतियां और क्लीयरेंस दी जानी हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के ईज ऑफ डूइंग बिजनेस उद्देश्यों की पूर्ति के लिए प्रथम एवं द्वितीय चरण के सभी लम्बित प्रकरणों को शीघ्र से शीघ्र निस्तारित किए जाएं।
------------

