--झटका मशीन का तार डालते समय हुआ हादसा, शरीर से काफी देर तक निकलता रहा धुंआ
हाथरस, 18 मई (हि.स.)। सिकंदराराऊ में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर छात्र की जिंदा जलकर मौत हो गई। बिजली के तार से लिपटकर युवक कई घंटे तक जलता रहा। उसकी बॉडी से धुआं निकलता रहा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
परिजनों का आरोप है कि लाइन का तार नीचे लटका हुआ था। जबकि बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि तार टूटने पर सप्लाई तुरंत ट्रिप हो जाती। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने मांगों को लेकर कुछ देर शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने से रोका। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान सिकंदराराऊ थाना क्षेत्र के गांव हबीबपुर निवासी विनोद कुमार पुत्र ओमबीर सिंह के रूप में हुई है।
वह सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे गांव के बाहर मौजूद था। बताया जा रहा है कि उसके हाथ में झटका मशीन के लोहे के तार का बंडल था। इसी दौरान वह तार को सड़क पार दूसरी ओर फेंक रहा था, तभी लोहे का तार ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया। तेज करंट लोहे के तार के जरिए युवक के शरीर में उतर गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि 11 हजार वोल्ट की लाइन का तार नीचे पड़ा हुआ था, जिसकी चपेट में आने से विनोद की जान गई।
हालांकि बिजली विभाग के एसडीओ युसूफ हुसैन ने इस दावे को खारिज किया है। उन्होंने बताया कि यदि हाईटेंशन लाइन का तार टूटा होता तो क्षेत्र की बिजली सप्लाई तत्काल ट्रिप कर जाती, जबकि ऐसी कोई स्थिति सामने नहीं आई। उनके अनुसार प्रथम दृष्टया मामला लोहे के तार के हाईटेंशन लाइन से संपर्क में आने का प्रतीत हो रहा है। मृतक विनोद कुमार कक्षा 9 का छात्र था। उसके पिता नोएडा में टैक्सी चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने कुछ मांगों को लेकर काफी देर तक शव को पोस्टमार्टम के लिए नहीं जाने दिया। बाद में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के समझाने-बुझाने पर मामला शांत हुआ। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
कोतवाली प्रभारी शिव कुमार शर्मा ने बताया कि युवक की करंट लगने से मृत्यु होने की सूचना प्राप्त होते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। उनके साथ संबंधित विभागीय अधिकारी भी मौजूद थे। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लिया और आवश्यक पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में कानूनी कार्रवाई प्रारम्भ कर दी गई है तथा घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
---------------

