तृणमूल सांसद कल्याण बनर्जी के खाते से 56 लाख की साइबर ठगी, एक साल बाद आरोपित गिरफ्तार
- DSS Admin
- Jun 27, 2026
कोलकाता, 27 जून (हि.स.)। तृणमूल कांग्रेस सांसद कल्याण बनर्जी के बैंक खाते से लाखों रुपये की साइबर ठगी के मामले में पुलिस ने लगभग एक वर्ष बाद एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। शनिवार को एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। गिरफ्तार आरोपित की पहचान मोकुलेशर रजा के रूप में हुई है। कोलकाता पुलिस की साइबर क्राइम शाखा ने शुक्रवार को आरोपित को रांगापानी इलाके से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, यह घटना नवंबर 2025 की है, जिसमें तृणमूल सांसद साइबर ठगी का शिकार हुए थे और उनके बैंक खाते से करीब 56 लाख गायब हो गए थे।
सांसद ने आरोप लगाया था कि यह रकम कलकत्ता हाई कोर्ट शाखा स्थित एक सरकारी बैंक खाते से निकाली गई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपित वकील बनकर बैंक में दाखिल हुआ और कथित तौर पर पहले सांसद के बैंक खाते से जुड़े रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर को बदल दिया। इसके बाद आरोपित ने खाते पर नियंत्रण हासिल कर रकम निकाल ली। जांच में यह भी सामने आया कि उस पैसे से बड़ी मात्रा में सोना खरीदा गया था। पुलिस अब उस सोने को बरामद करने का प्रयास कर रही है। गिरफ्तार आरोपित को शनिवार को शहर की अदालत में पेश किया जाना है।
उल्लेखनीय है कि संबंधित सरकारी बैंक ने करीब एक वर्ष पहले सांसद के खाते में पूरी राशि वापस जमा कर दी थी। उस समय कल्याण बनर्जी ने कहा था कि संभवतः सांसद होने के कारण उन्हें राशि वापस मिल गई, लेकिन यदि किसी आम नागरिक के साथ ऐसा होता तो स्थिति अलग हो सकती थी। उन्होंने इस मुद्दे पर केंद्र सरकार को लेकर भी सवाल उठाए थे।
पुलिस शिकायत दर्ज होने के बाद से मामले की जांच कर रही थी और लगभग एक साल बाद आरोपित को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। इस घटनाक्रम पर अब तक सांसद की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
---------------

