ट्यूशन के लिए निकली छात्रा लापता, परिवार ने ‘दुर्गा वाहिनी’ से मदद की लगाई गुहार
- DSS Admin
- Jun 12, 2026
दक्षिण दिनाजपुर, 12 जून (हि. स.)। गंगारामपुर इलाके से 17 वर्षीय एक स्कूली छात्रा के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। घटना को तीन सप्ताह बीतने के बाद भी पुलिस छात्रा का कोई सुराग नहीं लगा पाई है, जिससे परिवार में चिंता और आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, गंगारामपुर ब्लॉक के बसुरिया अंचल के लालचंद्रपुर गांव निवासी मानिक राय की बेटी, जो स्थानीय सर्वमंगला हाई स्कूल की कक्षा 12 की छात्रा है। 17 मई की सुबह रोज की तरह ट्यूशन पढ़ने के लिए घर से निकली थी। लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटी, तो परिवार के लोग चिंतित हो उठे। आसपास के सभी संभावित स्थानों और रिश्तेदारों के यहां खोजबीन करने के बाद भी जब छात्रा का कोई पता नहीं चला, तो 18 मई को गंगारामपुर थाने में लिखित रूप से गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस की ओर से कोई ठोस प्रगति न होने पर परिजन नाराज हो गए और विश्व हिंदू परिषद की महिला इकाई ‘दुर्गा वाहिनी’ से मदद ली। शुक्रवार को दुर्गा वाहिनी के प्रतिनिधि परिवार के साथ गंगारामपुर थाने पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से लंबी बातचीत की।
संगठन की ओर से मांग की गई कि जांच में तेजी लाई जाए, छात्रा को जल्द बरामद किया जाए और आरोपित को चिन्हित कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और हर संभव प्रयास कर छात्रा की तलाश की जा रही है।

