दलित समाज को भाजपा ने दिया उनका हक और सम्मान : सूर्य प्रताप शाही
- Admin Admin
- Apr 22, 2025

अमेठी, 22 अप्रैल (हि.स.)। दलित समाज को भाजपा ने दिया उनका हक और सम्मान दिया। भाजपा की डबल इंजन सरकार डॉ. आंबेडकर के सपनों को साकार कर रही है। यह बातें मंगलवार को भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने आयोजित संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कही।उन्हाेंने कहा कि कांग्रेस की सरकार में डा. भीमराव आंबेडकर काे भारत रत्न तक नहीं मिला। भाजपा सरकार आने पर डॉ. आंबेडकर को भारत रत्न मिला। संसद के सेंट्रल हाल में उनका चित्र स्थापित किया गया।
बाबा साहेब ने सबको समान रूप से शिक्षा देने का प्रावधान संविधान में सम्मिलित किया था। उन्होंने कहा था की 14 वर्ष तक सबको बिना भेदभाव के नि:शुल्क शिक्षा दी जाए लेकिन कांग्रेस की सरकार ने इसको कभी भी लागू नहीं किया। पूर्व प्रधानमंत्री अटल सरकार में सर्व शिक्षा अभियान के तहत बाबा साहब का सपना पूरा किया गया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भाजपा द्वारा डॉ. आंबेडकर के सम्मान और दलित समाज के उत्थान के लिए किए गए कार्यों को जन-जन के बीच पहुंचाने का आवाह्नन किया।
प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश सिंह ने कहा डा. भीमराव आंबेडकर के आदर्श, संघर्ष व योगदान भारत के लोगों को हमेशा प्रेरणा देते रहेंगे। यह भी कहा भारतरत्न डाॅ. आंबेडकर दुनिया के हर पीड़ित, शोषित की आवाज थे। कांग्रेस ने डॉ. आंबेडकर को अपमानित करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। बाबा साहब को सबसे ज्यादा अपमानित करने वाली कांग्रेस आज संविधान की पुस्तक लेकर घूम रहे हैं। उनको अपने गिरेबान में झांक कर भी देखना चाहिए । बाबा साहेब का अपमान करने वाले लोगों के झांसे में नहीं आना है। भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने स्वागत भाषण में कहा कि कार्यकर्ता विपक्ष के भ्रम व झूठ फैलाने का तथ्यों के साथ पर्दाफाश करे।
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी