सिरसा: नीट परीक्षा का रद्द होना देश के लाखों युवाओं से छल: दिग्विजय चौटाला
- DSS Admin
- May 18, 2026
सिरसा, 18 मई (हि.स.)। जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) नेता दिग्विजय चौटाला ने कहा कि देश में नीट का पेपल लीक होना और फिर रद्द होना सीधे तौर पर देश के लाखों युवाओं के साथ छल है और इसके पीछे सरकार की ढुलमुल नीतियां ही उत्तरदायी हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री आजकल पंजाब में रूप बदल कर घूम रहे हैं। दिग्विजय सोमवार को सिरसा में मीडिया से रूबरू हो रहे थे।
उन्होंने कहा कि केंद्र की तर्ज पर ही हरियाणा में भी एचपीएससी ने भी युवाओं से उनके भविष्य को लेकर खिलवाड़ किया जा रहा है। निकाली जा रही नौकरियों के आवेदनों में अधिकांशत: बाहरी प्रदेशों के अभ्यर्थियों की नियुक्तियां सीधे तौर पर हरियाणा और हरियाणा के युवाओं से छलावा है। उन्होंने कहा कि उदाहरण के तौर पर यदि किसी पद के 100 आवेदन निकाले गए तो उसमें से केवल 10 फीसदी पदों पर ही भर्ती की जाएगी और उसमें से भी अधिकांश पदों पर बाहरी राज्यों के अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा कि अभ्यर्थियों ने पंचकुला में आगामी 20 मई को विरोध प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है जिसमें वे शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि इन दिनों हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पंजाब में राजनीतिक यात्रा कर रहे हैं, मगर वे उनसे सवाल करते हैं कि यदि पंजाब में उनकी सत्ता बनी तो क्या वे हरियाणा के हक के एसवाईएल का पानी हरियाणावासियों को दिलाने की गारंटी लेंगे? पंजाब बीजेपी के मैनोफोस्टो में एसवाईएल का पानी हरियाणा को देने का जिक्र होगा? उन्होंने छात्रसंघ के चुनावों का मुद्दा एक बार फिर उठाते हुए कहा कि वे तब तक चैन से नहीं बैठेंगे जब तक प्रदेश में प्रत्यक्ष रूप से छात्रसंघ के चुनाव घोषित नहीं होते। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उनकी भाजपा से निजी रंजिश नहीं बल्कि उनकी नीतियों का विरोध है।
भाजपा नेताओं द्वारा इन दिनों पेट्रोल डीजल बचाने की प्रधानमंत्री के आह्वान पर रेल, बस, रिक्शा आदि में सफर करने को केवल एक प्रोपेगेंडा बताया। इस अवसर जेजेपी जिलाध्यक्ष अशोक वर्मा, पार्टी प्रवक्ता अमर सिंह ज्याणी, राजेंद्र सिंह आदि मौजूद थे।
---------------

