स्टॉक रजिस्टर में गड़बड़ी पर जिलाधिकारी के आदेश पर लिखा गया गैस एजेंसी के खिलाफ मुकदमा

बाराबंकी, 13 मई (हि.स.)। जिले में गैस एजेंसी की जांच के दौरान घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडरों के स्टॉक में भारी गड़बड़ी मिलने के बाद जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपना कर मुकदमा दर्ज कराया है। जिला पूर्ति अधिकारी राकेश तिवारी ने बुधवार काे जानकारी देते हुए बताया कि ऑयल कंपनी और आपूर्ति निरीक्षक की संयुक्त जांच में स्टॉक रजिस्टर और गोदाम में मौजूद गैस सिलेंडरों की संख्या में बड़ा अंतर पाया गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी के आदेश और अनुमति के बाद रामनगर स्थित लोधेश्वर इंडेन गैस एजेंसी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 (EC Act) की धारा 3/7 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कराने के लिए थाना कोतवाली रामनगर में तहरीर दी गई है।

ज्ञात हो कि यह विवाद मंगलवार से चल रहा है जिस पर आज बुधवार को जिलाधिकारी के आदेश पर कार्रवाई की गई है। तहसील रामनगर क्षेत्र में कल सुबह मंगलवार को भतीजी की शादी के लिए एलपीजी सिलेंडर दिलाने पहुंचे एक फरियादी को एसडीएम ने जेल भेजने की धमकी देते हुए पुलिस को फोन करके थाने में भेज दिया। इस घटना के बाद तहसील परिसर में विवाद की स्थिति बन गई।

बताया गया कि तहसील रामनगर क्षेत्र के ग्राम बढ़नपुरवा निवासी शिवमोहन ने बताया कि उनकी भतीजी अनीता की शादी बुधवार 13 मई को है और घर में बारात आनी है। शादी की तैयारियों के लिए उन्हें गैस सिलेंडर की तत्काल आवश्यकता थी। उन्होंने एक सप्ताह पहले श्री लोधेश्वर इंडियन गैस एजेंसी, केसरीपुर में सिलेंडर की बुकिंग कराई थी और उन्हें डीएसी (DAC) नंबर भी जारी हो चुका था। इसके बावजूद उन्हें सिलेंडर उपलब्ध नहीं हुआ।

बताया कि वह कई दिनों से गैस एजेंसी के चक्कर लगा रहा था। इसके बावजूद हर बार उन्हें टाल दिया जाता था। कल सुबह भी सिलेंडर न मिलने पर वह अपनी शिकायत लेकर रामनगर तहसील पहुंचा था।

परिजनों और ग्रामीणों ने बताया कि जब शिवमोहन ने तहसील परिसर में एसडीएम अनिल तिवारी से अपनी समस्या बताने की कोशिश की, तो इसी दौरान विवाद की स्थिति बन गई। शिवमोहन का आरोप है कि एसडीएम ने उनकी समस्या सुनने के बजाय उन पर नाराजगी व्यक्त की और पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। उनको पुलिस थाने ले जाकर दो घंटे तक बैठाए रखा।

मामले पर रामनगर तहसील उप जिलाधिकारी आनंद कुमार तिवारी ने आज बताया कि मौके पर लगभग 10-15 लोगों की भीड़ मौजूद थी, जो सिलेंडर की मांग को लेकर दबाव बना रही थी। कहा कि कुछ लोग गैस सिलेंडर के नाम पर आकर अराजकता और कई लोग शोर मचा रहे थे, स्थित तनावपूर्ण देखते हुए, उन्हें पुलिस के हवाले किया गया था। हालांकि, शिवमोहन को दो घंटे बाद छोड़ दिया गया।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि बाद में संबंधित परिवार की गैस आपूर्ति सुनिश्चित कराने के लिए सप्लाई इंस्पेक्टर से बात करने को कहा गया।

सप्लाई इंस्पेक्टर अनुज कुमार सिंह ने बताया ने आज प्रातः शिवमोहन के परिजनों को भारत गैस एजेंसी ग्राम अमराई से गैस सिलेंडर दिलवा दिए है। इसी क्रम में जब आज बुधवार शाम 3 बजे नायब तहसीलदार के साथ सप्लाई इंस्पेक्टर लोधेश्वर फिलिंग सेंटर जांच करने पहुंचे तो वहां गड़बड़ी मिली जिसे उन्होंने उच्च अधिकारियों को जानकारी दी। जिलाधिकारी ने एजेंसी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने का आदेश दे दिया। थाना प्रभारी रामनगर अरुण सिंह ने बताया की सप्लाई विभाग की तहरीर पर मुकदमा लिख गया है।

---------------

   

सम्बंधित खबर