शहीद झूरी बिंद की 123वीं जयंती पर समारोह, केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने दी श्रद्धांजलि
- Admin Admin
- Mar 03, 2025

मीरजापुर, 3 मार्च (हि.स.)। महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी अमर शहीद झूरी बिंद की 123वीं जयंती पर सोमवार को नगर के दो मुहिया तिराहे स्थित शहीद झूरी बिंद स्मारक स्थल पर भव्य पुष्पार्चन समारोह का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य, परिवार कल्याण तथा रसायन-उर्वरक राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने शहीद झूरी बिंद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को स्मरण करना हम सभी का कर्तव्य है। उनके त्याग और संघर्ष की बदौलत ही आज हम स्वतंत्र वातावरण में जी रहे हैं।
डॉ. श्यामलाल बिंद की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में वक्ताओं ने झूरी बिंद के योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जनपद मिर्जापुर का स्वतंत्रता संग्राम में गौरवशाली इतिहास रहा है। बता दें कि केंद्रीय राजमंत्री अनुप्रिया पटेल के प्रयासों से उत्तर प्रदेश की राज्यपाल ने शहीद झूरी बिंद की प्रतिमा का अनावरण किया था।
इसके अलावा पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य आशीष पटेल ने कछवा के पास गंगा नदी पर निर्मित भटौली पुल (बरैनी छोर) पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी झूरी बिंद स्मृति द्वार का निर्माण कराया है, जो आने वाली पीढ़ियों को उनके बलिदान की याद दिलाएगा।
कार्यक्रम में उपस्थित विशिष्ट जनों में बिंद समाज फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष इंजीनियर पन्नालाल बिंद, सेवानिवृत्त डिप्टी कमांडेंट मुरलीधर बिंद, पूर्व मंत्री रामकिशोर बिंद, भारत माता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामसागर बिंद, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुपान चौधरी, जिला अध्यक्ष इंजीनियर राम लौटन बिंद, जिला अध्यक्ष (गाजीपुर) समता बिंद, प्रदेश सचिव रामवृक्ष बिंद समेत कई गणमान्य व्यक्ति शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा