असम के बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगा केंद्रीय बजट: दिलीप सैकिया

गुवाहाटी, 02 फरवरी (हि.स.)। असम प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत 2025-26 के बजट को सर्वव्यापी, समावेशी और जनहितैषी करार दिया। उन्होंने कहा कि यह बजट चार प्रमुख स्तंभों—कृषि, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग (एमएसएमई), निवेश और निर्यात—पर आधारित है, जो भारतीय अर्थव्यवस्था को एक नई दिशा देकर देश को समृद्धि की ओर ले जाएगा।

सैकिया ने कहा कि विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से देश के लघु, मध्यम और सूक्ष्म उद्योगों को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे भारत वैश्विक उत्पादन केंद्र के रूप में उभरकर निर्यात में वृद्धि करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस ने भारत को एक आयात-निर्भर देश बना दिया था, लेकिन अब देश वैश्विक अर्थव्यवस्था में एक प्रमुख निर्यातक के रूप में पहचाना जा रहा है। दिलीप सैकिया रविवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय अटल बिहारी वाजपेयी भवन में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सशक्त नेतृत्व में भारत आज दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बन चुका है, जबकि कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूपीए शासन में 2013-14 में भारत वैश्विक अर्थव्यवस्था में 11वें स्थान पर था। सैकिया ने आशा व्यक्त की कि यह बजट असम के विकास को गति देगा और उद्यमियों के लिए नए अवसर खोलेगा। उन्होंने कहा कि बजट राज्यों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में भी मदद करेगा।

संविधान गौरव अभियान

संविधान के गौरवशाली 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा पूरे देश में संविधान गौरव अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत गुवाहाटी महानगर जिले के सहयोग से महानगर के पंजाबाड़ी स्थित आयदेव सिनेमा हॉल में एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया और असम सरकार के कैबिनेट मंत्री पीयूष हजारिका मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

सैकिया ने अपने संबोधन में कांग्रेस पर संविधान को बार-बार कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अपने स्वार्थ की पूर्ति के लिए कांग्रेस ने संविधान में संशोधन किए और राजनीतिक लाभ के लिए आपातकाल लागू किया। प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस की इन नीतियों की कड़ी आलोचना की। वहीं, मंत्री पीयूष हजारिका ने भी अपने भाषण में कांग्रेस पर संविधान का अपमान करने का आरोप लगाते हुए उसकी नीतियों की कड़ी निंदा की।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

   

सम्बंधित खबर