पूर्णिया में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने मोदी सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियां गिनाईं

पूर्णिया, 19 जून (हि.स.)। केंद्रीय पंचायती राज एवं मत्स्य, पशुपालन और डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह शुक्रवार को पूर्णिया पहुंचे।

गुलाबबाग जीरो माइल पर एनडीए कार्यकर्ताओं एवं नेताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने बिहार सरकार की खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेसी सिंह के आवास पर पहुंचकर प्रेस वार्ता को संबोधित किया।

इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की।

प्रेस वार्ता में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री रहने वाले नेताओं में शामिल हो गए हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल में भ्रष्टाचार का कोई बड़ा मामला सामने नहीं आया है। भारत ने इस दौरान वैश्विक स्तर पर अपनी राजनीतिक, आर्थिक और कूटनीतिक स्थिति को मजबूत किया है तथा देश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सोच सबका साथ, सबका विकास के सिद्धांत पर आधारित है, जिसके परिणामस्वरूप देश और बिहार दोनों तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

ललन सिंह ने कहा कि बिहार में डबल इंजन की सरकार लगातार विकास कार्यों को गति दे रही है। सड़क, पुल, रेल, हवाई अड्डों सहित आधारभूत संरचना के विभिन्न क्षेत्रों में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि देश की जनता विकास के साथ खड़ी है।

एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी किसी को तोड़ने का काम नहीं कर रही है, बल्कि विभिन्न दलों के लोग स्वयं एनडीए की नीतियों और विकास कार्यों से प्रभावित होकर जुड़ रहे हैं। पश्चिम बंगाल की राजनीति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वहां की जनता पहले वामपंथी शासन और बाद में तृणमूल कांग्रेस की कार्यशैली से निराश थी और परिवर्तन चाहती थी ।

प्रेस वार्ता के बाद केंद्रीय मंत्री कला भवन, पूर्णिया में आयोजित एनडीए गठबंधन की बैठक में शामिल हुए, जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं एवं नेताओं को संबोधित किया। इसके पश्चात वे कृष्णा मेमोरियल पहुंचे और वहां आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। विभिन्न स्थानों पर उनका और मंत्री लेसी सिंह का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार विकास के हर क्षेत्र को स्पर्श करते हुए नई-नई उपलब्धियां हासिल करने की दिशा में कार्य कर रही है।

अपने दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री पॉलिटेक्निक चौक स्थित वृद्धाश्रम भी पहुंचे, जहां उन्होंने व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा अधिकारियों से बुजुर्गों को और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में चर्चा की।

इस अवसर पर बिहार सरकार की मंत्री एवं धमदाहा विधायक लेसी सिंह, कसबा विधायक नितेश कुमार सिंह, रुपौली विधायक कलाधर मंडल सहित एनडीए के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

---------------

   

सम्बंधित खबर