लैंड यूज में संशोधन में देरी पर प्रशासक से मिला चेंबर

रांची, 9 मई (हि.स.)।

बाजार टांड स्थित दुकानों के किराया विवाद और मास्टर प्लान-2037 के लैंड यूज में संशोधन में हो रही देरी को लेकर अध्यक्ष परेश गट्टानी के नेतृत्व में चेंबर का प्रतिनिधिमंडल नगर प्रशासक संदीप कुमार सिंह से मिला। नगर प्रशासक के कार्यालय में हुई मुलाकात में प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि वर्षों से इस समस्या के समाधान का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन निगम ने अब तक इस दिशा में पहल नहीं की है।

चेंबर अध्यक्ष परेश गट्टानी ने बताया कि निगम किराया समाधान के रूप में योजना लाकर दुकानों को रेगुलराइज करने की पहल करे। इससे निगम को भी राजस्व मद में करोड़ों रूपए मिलेंगे। मास्टर प्लान के लैंड यूज में संशोधन के लिए शहरवासियों की ओर से दिये गये सुझाव पर कार्रवाई नहीं होने से भू मालिकों को हो परेशानियों पर भी प्रतिनिधिमंडल ने चिंता जताई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इन संशोधनों के बिना भू मालिक अपनी भूमि का प्रभावी ढंग से उपयोग नहीं कर पा रहे हैं।

नगर प्रशासक संदीप कुमार सिंह ने जल्द ही दोनों मुद्दों पर अधिकारियों के साथ एक बैठक कर आगे की कार्रवाई का आश्वागसन दिया।

सेवा सदन के पाास जल जमाव का होगा समाधान

वहीं बारिश में शहर में होनेवाले जल-जमाव पर चिंता व्यक्त करते हुए आरएमसी उप समिति के चेयरमेन अमित शर्मा ने कहा कि प्रत्येक वर्ष इस कठिनाई से शहरवासियों को जूझना पडता है। उन्होंने कहा कि बरसात के समय सेवा सदन पथ का दूषित पानी और वर्षा जल निकासी की उपयुक्त सुविधा नहीं होने से इस क्षेत्र की दुकानें और घर जलमग्न रहते हैं। इससे इस क्षेत्र के लोगों को काफी असुविधा होती है। प्रतिनिधिमण्डल के आग्रह पर नगर प्रशासक ने मौके पर ही अधिकारियों को शनिवार से बड़ा तालाब क्षेत्र में जल जमाव की समस्या को दूर करने के लिए कार्रवाई के लिए निर्देश दिया।

प्रतिनिधिमण्डल में चैंबर अध्यक्ष परेश गट्टानी, महासचिव आदित्य मल्होत्रा, आरएमसी उप समिति के चेयरमेन अमित शर्मा, कार्यकारिणी सदस्य मुकेश अग्रवाल, रोहित पोद्दार और पूर्व अध्यक्ष मनोज नरेडी सहित अन्य शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

   

सम्बंधित खबर