नदिया, 06 जून (हि. स.)। जिले के चापड़ा थाना क्षेत्र में शनिवार को बमबाजी और फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। हमले में शमसुल शेख नामक एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे गंभीर हालत में शक्तिनगर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, चापड़ा थाना अंतर्गत बड़ा आंदुलिया गांव में पेट्रोल पंप के पास स्थित एक चाय की दुकान पर शमसुल शेख बैठा हुआ था। इसी दौरान बाइक पर सवार चार लोग वहां पहुंचे। सभी ने हेलमेट पहन रखा था। आरोप है कि उन्होंने अचानक चाय की दुकान की ओर बम फेंके और गोलीबारी शुरू कर दी। हमले में शमसुल गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, शमसुल किसी राजनीतिक दल से सक्रिय रूप से जुड़ा नहीं था। वह ट्रैक्टर चलाने का काम करता है। ऐसे में हमले के कारणों को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
कृष्णनगर पुलिस जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (सदर) संभव जैन ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज जुटाए हैं और कुछ अहम सुराग मिले हैं। प्रारंभिक जांच में व्यक्तिगत दुश्मनी की आशंका जताई जा रही है। आरोपितों की तलाश जारी है।
---------------

