प्रशासनिक उपेक्षा का शिकार छपरा का भिखारी ठाकुर प्रेक्षागृह, दो माह से एसी ठप
- DSS Admin
- Jul 03, 2026

सारण, 03 जुलाई (हि.स.)। जिले का एकमात्र प्रमुख सांस्कृतिक और सामाजिक केंद्र, भिखारी ठाकुर प्रेक्षागृह, इन दिनों प्रशासनिक उपेक्षा और बदहाली के दौर से गुजर रहा है। भीषण गर्मी के इस दौर में प्रेक्षागृह का वातानुकूलित संयंत्र पिछले दो महीनों से पूरी तरह ठप पड़ा है। इसके कारण यहाँ आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में आयोजकों को मजबूरन अपने स्तर से कूलर का इंतजाम करना पड़ रहा है, जिससे आयोजन की लागत और परेशानी दोनों बढ़ गई है।
हाल ही में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान भी वातानुकूलित हॉल में कूलर लगाकर जैसे-तैसे काम चलाया गया। उमस और गर्मी की वजह से हॉल के भीतर मौजूद दर्शकों, कलाकारों और मुख्य अतिथियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। इस लचर व्यवस्था को देखकर कार्यक्रम में शामिल प्रबुद्ध नागरिकों और कलाप्रेमियों ने प्रशासन के खिलाफ गहरा आक्रोश व्यक्त किया है।
भिखारी ठाकुर प्रेक्षागृह छपरा शहर में सांस्कृतिक, साहित्यिक और सामाजिक गतिविधियों का सबसे प्रमुख और सुव्यवस्थित केंद्र माना जाता है। यहाँ नियमित रूप से महत्वपूर्ण सरकारी बैठकें, जीवंत नाट्य मंचन, सांस्कृतिक उत्सव, संगीत कार्यक्रम और शैक्षणिक संगोष्ठियाँ आयोजित होती हैं।
इस पूरे मामले पर जिला कला संस्कृति पदाधिकारी डॉ विभा भारती ने बताया कि प्रेक्षागृह का एसी पिछले दो महीने से तकनीकी खराबी के कारण बंद है। इसकी लिखित जानकारी विभाग, वरीय अधिकारियों, संबंधित संवेदक और भवन निर्माण विभाग को बहुत पहले ही दे दी गई है। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी ने मामले को संज्ञान में लेते हुए इसे तत्काल दुरुस्त करने का सख्त निर्देश जारी किया है।
डॉ भारती के अनुसार स्थानीय तकनीशियनों को प्लांट दिखाया गया था, लेकिन इसकी जटिल बनावट उनकी समझ से बाहर थी। इसके बाद दरभंगा व अन्य जगहों के विशेषज्ञों की मदद ली गई, जिसमें पता चला कि कुछ कल-पुर्जे खराब हैं जो स्थानीय बाजार में उपलब्ध नहीं हैं। इन्हें बाहर से मंगवाया जा रहा है। पुर्जे आते ही मरम्मत का काम शुरू हो जाएगा। फिलहाल वैकल्पिक व्यवस्था की गई है और उम्मीद है कि अगले कुछ दिनों में इस समस्या का समाधान कर लिया जाएगा
---------------

