छतरपुर में पूर्व सरपंच पर ताबड़तोड़ फायरिंग, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
- DSS Admin
- May 18, 2026
छतरपुर, 18 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में सोमवार को विक्रमपुर गांव के पूर्व सरपंच महुम सिंह उर्फ हल्के राजा पर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में गंभीर रूप से घायल पूर्व सरपंच को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, महुम सिंह छतरपुर शहर से अपने गांव विक्रमपुर लौट रहे थे। इसी दौरान इमलिया गांव के पास चार फोर व्हीलर वाहनों में सवार होकर आए हमलावरों ने उनकी बोलेरो गाड़ी को घेर लिया और कई राउंड फायरिंग कर दी। अचानक हुए इस हमले से इलाके में दहशत फैल गई। हमले में महुम सिंह को पेट, जांघ, हाथ और कमर के नीचे गोली लगने की जानकारी सामने आई है। उनकी बोलेरो गाड़ी भी गोलियों से क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल पूर्व सरपंच को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घायल के भतीजे योगेन्द्र देव बुन्देला ने बताया कि हमलावर चार वाहनों में सवार होकर आए थे और उन्होंने चारों तरफ से फायरिंग की। उनका कहना है कि हमला सुनियोजित तरीके से किया गया। घटना की सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के क्षेत्र में आरोपियों की तलाश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश और चुनावी विवाद जैसे पहलुओं को भी ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
---------------

