होली मिलन में पहुंचे मुख्यमंत्री , उत्तराखंड के विकास और सांस्कृतिक विरासत पर दिया जोर
- Admin Admin
- Mar 12, 2025

देहरादून, 12 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार काे नई दिल्ली स्थित केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा के सरकारी आवास पर आयोजित पारंपरिक होली मिलन समारोह में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर उन्होंने होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली प्रेम, सौहार्द और आपसी एकता का प्रतीक है। होली समाज में सांस्कृतिक एकता और समरसता को भी सुदृढ़ करती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की पारंपरिक बैठकी और खड़ी होली हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की प्रतीक हैं, जो समाज में प्रेम और सौहार्द का संदेश देता हैं।
प्रगति के नए आयाम स्थापित कर रहा है उत्तराखंड
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कथन का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जी ने 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक बताया है। राज्य सरकार इसी संकल्प के साथ विकास के पथ पर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि नीति आयोग की एस.डी.जी. (सतत विकास लक्ष्य) रिपोर्ट 2023-24 में उत्तराखंड की सर्वाेच्च रैंकिंग प्राप्त करने की उपलब्धि राज्य सरकार के समर्पित प्रयासों का परिणाम है, जिससे प्रतीत होता है कि उत्तराखंड विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
उत्तराखण्ड यूसीसी लागू करने वाला पहला राज्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है। उन्होंने इसे समाज में समानता और न्याय की दिशा में एक बड़ा सुधार बताते हुए कहा कि यह जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप है। लंबे समय से इस पर चर्चा चल रही थी और अब उत्तराखंड ने इसे लागू कर देश के अन्य राज्यों के लिए एक मिसाल पेश की है।
सशक्त भू-कानून ऐतिहासिक पहल
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में लागू सशक्त भू-कानून का उल्लेख करते हुए कहा कि यह उत्तराखंडवासियों की लंबे समय से उठ रही मांग को पूरा करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने कहा, यह कानून प्रदेश के संसाधनों, सांस्कृतिक धरोहर और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए लाया गया है। इससे राज्य के लोगों की जमीन सुरक्षित रहेगी और अनियंत्रित भूमि खरीद-बिक्री पर रोक लगेगी।
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी, प्रभारी उत्तराखंड दर्शन गौतम, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व राजसभा सांसद महेंद्र भट्ट, उत्तराखंड आपदा प्रबंधन उपाध्यक्ष विनय रोहिल्ला, दिल्ली के विधायक मनोज शौकीन आदि उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pokhriyal