गुवाहाटी, 1 फरवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा का 56वां जन्मदिन आज जालुकबाड़ी इलाके में भव्य आयोजन के साथ मनाया गया। इलाके के लगभग हर वार्ड में पार्षदों ने विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से इस दिन को विशेष रूप से मनाया। ज्ञात होगी जालकुबारी विधानसभा क्षेत्र मुख्यमंत्री का गृह इलाका है। मुख्यमंत्री यहीं से विधायक चुनकर आते हैं।
पांडु नाथ देवालय में मुख्यमंत्री की दीर्घायु की कामना करते हुए केक काटकर और दीप जलाकर पूजा-अर्चना के साथ जन्मदिन का शुभारंभ किया गया। अटल सेना असम प्रदेश के तत्वावधान में इस बार भी यह दिन विशेष रूप से मनाया गया।
संगठन के अध्यक्ष रतन दास ने बताया कि मुख्यमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर सुबह पांडु बड़ा बाजार क्षेत्र में सफाई अभियान चलाया गया। इसके बाद विशेष पूजा, हनुमान चालीसा और भागवत पाठ का आयोजन किया गया। शाम को छोटे बच्चों से केक कटवाया गया और फिर सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ मिठाइयां बांटी गईं।
पांडु तरुण संघ मैदान में जलुकबाड़ी युवा सुरक्षा मंच के सहयोग से एक मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के युवाओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया। यह दौड़ तरुण संघ मैदान से शुरू होकर पांडु-मालीगांव क्षेत्र का चक्कर लगाते हुए पुनः तरुण संघ मैदान में समाप्त हुई। संगठन के अध्यक्ष राजीव धर ने बताया कि बच्चों के लिए शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया और शाम को केक काटने, पुरस्कार वितरण और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से इस दिन को विशेष रूप से मनाया गया।
तीन नंबर वार्ड के पार्षद कल्याण चक्रवर्ती ने भी हमेशा की तरह इस बार भी मुख्यमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर पांडु न्यू कॉलोनी के मैदान में केक काटकर आज के दिन को मनाया। इसके अलावा, इस विशेष दिन पर क्षेत्र के जरूरतमंद व्यक्तियों के बीच वस्त्र वितरण किया गया, जिससे इस दिन को और भी सार्थक बनाया गया।
जालुकबाड़ी भाजपा मंडल कार्यालय में भी शाम को केक काटकर जन्मदिन मनाया गया। इसके अलावा, दिव्यांग व्यक्तियों को विशेष उपहार वितरित किए गए, जो इस कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण बना। एक नंबर वार्ड के पार्षद हुकुम चांद अली बक्सी ने भी क्षेत्र के निवासियों के साथ मुख्यमंत्री का जन्मदिन मनाया। लगभग 10 किलो वजनी केक काटकर इस दिन को खास बनाया गया।
मुख्यमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर मां बगला मुखी सेवा कल्याण समिति के तत्वावधान में मालीगांव एक नंबर गेट पर एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग पचास से अधिक युवक-युवतियों ने रक्तदान किया। इस महान पहल ने समाज सेवा का एक अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया। जालुकबाड़ी क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर आयोजित इन भव्य कार्यक्रमों के माध्यम से मुख्यमंत्री का जन्मदिन केवल एक औपचारिकता तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह एक महान सामाजिक पहल में बदल गया।
पूजा-अर्चना से लेकर रक्तदान, समाज सेवा से लेकर खेल प्रतियोगिता—हर आयोजन एक अनूठी मिसाल बन गया। मुख्यमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों ने एक ओर जहां उत्सव का माहौल बनाया, वहीं समाज सेवा के माध्यम से लोकहितकारी दृष्टिकोण को भी प्रतिबिंबित किया।
हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर