वर्षा पूर्व निकासी नालियों की सफाई ने पकड़ा जोर, कर्मचारी जुटे
- Admin Admin
- Apr 17, 2025

धमतरी, 17 अप्रैल (हि.स.)। वर्षा ऋतु में जल जमाव की स्थिति से निपटने के लिए नगर निगम ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है। शहर के आउटर में बड़ी निकासी नालियों की सफाई का कार्य जारी है। इससे काफी हद तक वर्षा में जलजमाव की स्थिति से निबटने में सहायता मिलेगी। जेसीबी मशीन से निकासी नालियों की सफाई कराई जा रही है।
धमतरी शहर के 40 वार्डो से निकलने वाला दूषित जल कई स्थानों पर जमा है। नालियों में कचरा जमा होने के कारण यह स्थिति बनी हुई है। वर्षा ऋतु में यह समस्या और बढ़ जाती है। वर्षा ऋतु में जल जमाव की स्थिति न बने इसके लिए नगर निगम ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। जेसीबी वाहनों के माध्यम से नालों की सफाई कराई जा रही है। धमतरी शहर में पीडी नाला, बाकरे नाला, सोरिद नाला से वर्षा जल की निकासी होती है। मालूम हो कि नगर निगम क्षेत्र में नागरिकों द्वारा फेंके गए कूड़े, जलकुंभी से नालियों जाम होने से वर्ष ऋतु में जल जमाव एक बडी समस्या रहती है। खासकर वर्षा ऋतु में जब लगातार वर्षा होती है तो शहर में जगह-जगह जल जमाव की स्थिति बन जाती है। नगर निगम क्षेत्र में पीडी नाला, सोरिद नाला सहित अन्य निकासी नालों की बारी-बारी से सफाई हो रही है।
पूर्व के वर्षाें में सफाई के लिए निकासी नाली के ऊपर बनाए गए स्लैब को तोड़ा गया था। इसके बाद निकासी नाली की सफाई की गई। सफाई के दौरान काफी मात्रा में कचरा निकला। पुराना बस स्टैंड के पास स्थित एक बैंक के सामने आठ 10 फीट खुली गहरी नाली है, जिसकी लंबे समय से सफाई नहीं की गई है।
इस संबंध में आयुक्त प्रिया गोयल ने कहा कि वर्षा ऋृतु में होने वाली जलजमाव की स्थिति को देखते हुए नगर निगम द्वारा तैयारी की जा रही है। इसके तहत जेसीबी मशीन से निकासी नालियों की सफाई की जा रही है। आने वाले दिनों में राष्ट्रीय राजमार्ग 30 के किनारे स्थित दुकानों के सामने बनी निकासी नालियों की सफाई कार्य किया जाएगा।
शहर में सालों पुरानी है निकासी की समस्या: मालूम हो कि धमतरी शहर में निकासी की समस्या सालों पुरानी है। शहर के कई ऐसे स्थान हैं जो डूब वाले स्थान में आते हैं। आधे घंटे की वर्षा में ही जल जमाव की स्थिति बन जाती है। धमतरी शहर के आमापारा वार्ड में आधे घंटे की स्थिति में काफी मात्रा में वर्षा जल जमा हो जाता है। यहां से बहता हुआ पानी पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में आ जाता है। यहां वाहनों को आने-जाने में काफी दिक्कत होती है। कुछ साल पूर्व तो यहां के कुछेक युवाओं ने विरोध स्वरूप वर्षा जल के ऊपर नाव तक चलाई थी। यही हाल औद्योगिक वार्ड के स्टेशनपारा का है, जहां घरों के अंदर तक पानी जमा हो जाता है। बठेना वार्ड में भी निकासी नाली एक गंभीर समस्या है, जिसका आज तक निराकरण नहीं हो पाया है। नगर निगम द्वारा हर साल निकासी के लिए योजनाएं बनाई जाती है, लेकिन वास्तविक धरातल पर यह योजनाएं मूर्त रूप नहीं ले पाती है, जिसके चलते लोग परेशान होते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा