हिसार : अणुव्रत समिति के इको फ्रेंडली फेस्टिवल व जल बचाओ अभियान चलाया
- Admin Admin
- Mar 11, 2025

तिलक होली मनाकर जल को बचाएं : राजेंद्र अग्रवाल
हिसार, 11 मार्च (हि.स.)। अणुव्रत समिति की ओर से राष्ट्रव्यापी इको फ्रेंडली
फेस्टिवल व जल बचाओ अभियान के तहत तिलक होली कार्यक्रम आयोजित किया गया। समिति अध्यक्ष
राजेंद्र अग्रवाल की अध्यक्षता में यह कार्यक्रम अणुव्रत अनुशास्ता आचार्य श्री महाश्रमण
की सुशिष्या शासन श्री साध्वी श्री यशोधरा, शासन श्री साध्वी श्री पशरमरति, शासन श्री
साध्वी श्री प्रेमलता, डॉ. साध्वी श्री शुभप्रभा के पावन आशीर्वाद से मधुबन पार्क में
चलाया गया। इसके तहत जल ही जीवन है अभियान द्वारा रंगों के साथ तिलक होली मनाने बारे
जागरूक किया गया। समिति के सदस्यों ने एक दूसरे को तिलक लगाकर होली की बधाई दी। इस
अवसर पर वहां उपस्थित लोगों को पम्पलेट वितरित कर तिलक होली के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम
विनोद जैन के अणुव्रत गीत से शुरू हुआ।
इस मौके पर अध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल ने कहा कि जल ही जीवन ही है और वर्तमान
समय में पूरा देश जल के भीषण संकट से जूझ रहा है। इसलिए हम सभी को पानी के महत्व को
समझते हुए उसे बचाने के पूर्ण प्रयास करने चाहिएं। होली पर जल को बचाकर हम अपनी आने
वाली पीढिय़ों के लिए इसे संरक्षित कर सकते हैं। इस समय न केवल नदियां सूख रही हैं बल्कि
भूजल का स्तर भी बेहद नीचे गिर जा चुका है और आने वाले समय में जल का भीषण संकट उत्पन्न
हो सकता है। इसलिए सभी को नैतिक जिम्मेवारी समझते हुए जल संरक्षण कर तिलक होली मनानी
चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति में भी प्राकृतिक रंगों से होली खेलने का ही
प्रचलन है इसलिए इको फ्रेंडली रंगों के साथ इस उत्सव को प्रेम पूर्वक मनाना चाहिए।
उन्होंने बताया कि समिति द्वारा पूरे देश में अणुव्रत इको फ्रेंडली फेस्टिवल द्वारा
विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान राष्ट्रव्यापी इको फ्रेेंडली फैस्टिवल अभियान
के ‘जल बचाओ अभियान’ के तहत तिलक होली मनाने के लिए शहर वासियों को प्रेरित किया जाएगा।
इस अवसर पर समिति अध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल के अलावा दर्शन लाल शर्मा, डॉ सत्येंद्र
यादव, अनिल गुप्ता, इन्द्रेश पांडे, राजकुमार सोनी, विनोद जैन, श्रवण कुमार गिरधर,
सुमन सोनी, बंटी मित्तल, कुलभूषण जैन, जगदीश गर्ग आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर