तृणमूल नेता के घर में एक्सपायरी खाद्य सामग्री की री-पैकेजिंग का आरोप, कंपनी मालिक हिरासत में

घटनास्थल


कोलकाता, 21 मई (हि. स.)। दमदम थाना क्षेत्र में एक्सपायरी खाद्य सामग्री की पैकेजिंग बदलकर दोबारा बाजार में बेचने के आरोप में पुलिस ने एक खाद्य कंपनी के मालिक को हिरासत में लिया है। इस मामले में प्रवर्तन शाखा (एनफोर्समेंट ब्रांच) ने गुरुवार सुबह एक घर को सील कर दिया।

आरोप है कि दमदम नगरपालिका क्षेत्र में तृणमूल छात्र संगठन के वार्ड नंबर-1 के युवा अध्यक्ष सैकत तालुकदार के घर में लंबे समय से एक्सपायरी आटा, मैदा, सूजी और अन्य खाद्य सामग्रियों की री-पैकेजिंग की जा रही थी।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बेलघरिया एक्सप्रेस इलाके के केंद्रीय बिहार आवासन स्थित इस घर में ट्रकों के जरिए एक्सपायरी खाद्य सामग्री लाई जाती थी। बाद में इन उत्पादों की पुरानी पैकेजिंग हटाकर नई पैकिंग की जाती थी और फिर उन्हें विभिन्न बाजारों में सप्लाई किया जाता था।

बताया गया है कि बुधवार रात भी एक ट्रक में खाद्य सामग्री वहां पहुंची थी। मामले की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। गुरुवार सुबह पुलिस और प्रवर्तन शाखा के अधिकारी मौके पर पहुंचे और बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री जब्त कर ली। साथ ही पूरे घर को सील कर दिया गया।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हर्षित बैन नामक कंपनी ने सैकत तालुकदार का घर किराये पर लेकर यह काम शुरू किया था।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि घर के मालिक की जानकारी के बिना इतने बड़े स्तर पर यह गतिविधि चलाना संभव नहीं था। हालांकि सैकत तालुकदार की ओर से इस मामले में कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस ने फिलहाल संबंधित कंपनी के मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जांच की गोपनीयता बनाए रखने के लिए पुलिस ने फिलहाल आरोपित के बारे में कोई जानकारी साझा नहीं की है।---------------

   

सम्बंधित खबर