फिल्म अभिनेत्री उषा चव्हाण को राहत, डीसीएम शिंदे ने लगाई टीडीआर केस पर अस्थाई रोक

मुंबई, 17 मई (हि.स.)। मराठी फिल्म इंडस्ट्री की जानी-मानी अदाकारा उषा चव्हाण को पुणे के धनकवाड़ी में उनकी ज़मीन के टीडीआर मामले में राहत मिली है। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने टीडीआर ट्रांज़ैक्शन पर तब तक रोक लगाने का फैसला किया है जब तक इस मामले में दोनों पक्षों की राय सुनने के बाद आखिरी फैसला नहीं हो जाता।

उषा चव्हाण ने ज़मीन विवाद को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री शिंदे से गुहार लगाई थी। इसके बाद उनके पति दत्तात्रेय कडू देशमुख ने भी कुछ मीडिया आउटलेट्स के सामने अपना पक्ष रखा था। उनका ज़मीन का विवाद 26 साल से कोर्ट में चल रहा था। आखिरकार कोर्ट ने इस ज़मीन पर उनके बेटे हृदयनाथ का दावा मान लिया। हालांकि, पुणे के एक प्राइवेट डेवलपर गोयल गंगा ने इस ज़मीन का टीडीआर उनके नाम कर दिया था, जिसके बाद उषा चव्हाण ने शिंदे से न्याय दिलाने की मांग की थी।

उषा चव्हाण ने अपने बेटे के साथ फिल्म निर्माता मंगेश देसाई से मुलाकात कर अपनी समस्य़ा बताई। देसाई ने पूरे मामले की जानकारी उपमुख्यमंत्री शिंदे को दी। इसके बाद शिंदे ने नगर विकास विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव डी. गोविंदराज से संपर्क किया और उनसे पुणे मनपा द्वारा किए गए टीडीआर ट्रांजैक्शन को कुछ समय के लिए रद्द करने को कहा। साथ ही दोनों पक्षों, डेवलपर और पुणे मनपा की अलग से सुनवाई करने का सुझाव दिया। सभी पक्षों को अपने स्टेटमेंट और दस्तावेज जमा किए जाएंगे। साफ किया गया है कि सभी मामलों की जांच के बाद ही इस ट्रांज़ैक्शन को मंज़ूरी दी जाएगी।

किसी के साथ नाइंसाफ़ी नहीं होने दी जाएगी। उषा चव्हाण ने उपमुख्यमंत्री का आभार मानते हुए कहा है कि यह मामला अब गति पकड़ेगा. मुझे और मेरे बेटे को ज़रूर न्याय मिलेगा।

---------------

   

सम्बंधित खबर