भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ का किसान मोर्चा ने किया अभिनंदन

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ का किसान मोर्चा ने किया अभिनंदन

जयपुर, 16 मार्च (हि.स.)। भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष व केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री भागीरथ चौधरी की अध्यक्षता में भाजपा प्रदेश कार्यालय, जयपुर में भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित की गई। इसमें मोर्चे के प्रदेश पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों एवं जिला पदाधिकारियों ने भाजपा के नव-निर्वाचित प्रदेशाध्यक्ष व राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ का स्वागत एवं अभिनन्दन किया।

इस दौरान भागीरथ चौधरी ने मदन राठौड़ की सादगी व मिलनसारिता की प्रशंसा करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। भागीरथ चौधरी ने कहा कि मदन राठौड़ के नेतृत्व में सत्ता व संगठन के मजबूत सामजस्य से प्रदेश में विकास कार्यों में गति आएगी। उन्होंने कहा कि जहां भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है, वहीं, मदन राठौड़ के कुशल निर्देशन में भाजपा का संगठनात्मक ढांचा भी मजबूत होगा। उन्होंने प्रदेश के किसानों के कल्याण में केंद्र व राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त किया।

अपने स्वागत से अभिभूत मदन राठौड़ ने किसान मोर्चा के पदाधिकारियों का धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य के बजट में खेत-किसान के लिए की गई घोषणाएं पूरी होने से प्रदेश का किसान न केवल खुशहाल होगा, बल्कि उसकी आर्थिक स्थिति भी सुदृढ होगी। राठौड़ ने कहा कि किसी भी संगठन की मजबूती में उसके कार्यकर्ता की भूमिका अहम होती है। भाजपा में हमेशा कार्यकर्ता की समस्या के समाधान को लेकर प्राथमिकता दी जाती है। उन्होंने कहा कि ब्यूरोक्रेसी में भी संगठन के कार्यकर्ता को पूरी तवज्जो मिले इसके प्रशासनिक स्तर पर प्रयास किए जाएंगे। इससे पहले किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय कृषि एवं कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, किसान आयोग के अध्यक्ष सीआर चौधरी, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश प्रभारी मोतीलाल मीणा, मोर्चा के प्रदेश महामंत्री ओपी यादव, रेवत सिंह राजपुरोहित, प्रदेश उपाध्यक्ष खीमाराम चौधरी व मोर्चा के जिलाध्यक्षों व अन्य पदाधिकारियों ने साफा बांधकर, फूल मालाएं व दुपट्टा पहनाकर व हल भेंट कर उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम का संचालन मोर्चा के प्रदेश महामंत्री डा. बलराम दून ने किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

   

सम्बंधित खबर