कांग्रेस आलाकमान ने डीसीसी पदाधिकारियों संग किया रणनीतिक मंथन

नई दिल्ली, 3 अप्रैल (हि.स.)। कांंग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन में यहां गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटियों की दूसरे चरण की बैठक हुई। इसमें महाराष्ट्र, मुंबई रीजनल कांग्रेस, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, दिल्ली, राजस्थान और चंडीगढ़ के जिलाध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष, प्रभारी और महासचिव भी मौजूद रहे।

बैठक के बाद इस बारे मे मीडिया को विस्तृत जानकारी देते हुए एआईसीसी मीडिया और पब्लिसिटी विभाग के चेयरमैन पवन खेड़ा ने बताया कि इस बैठक में मीडिया और सोशल मीडिया विभाग के साथ कुल 6 प्रजेंटेशन हुए। इसमें कांग्रेस की प्रॉपर्टी से जुड़ी प्रजेंटेशन विजय इंदर सिंगला ने, संगठन की संरचना और ट्रेनिंग की प्रजेंटेशन शशिकांत सैंथिल ने, सोशल मीडिया विभाग की प्रजेंटेशन सुप्रिया श्रीनेत ने और मीडिया से जुड़ी प्रजेंटेशन पवन खेड़ा ने दी। राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अजय माकन आज उपस्थित नहीं थे, लेकिन उनकी प्रजेंटेशन भी दिखाई गई।

इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, नेता विपक्ष राहुल गांधी और संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने प्रतिनिधियों को सुना और बैठक को संबोधित किया।

कांग्रेस नेतृत्व ने एक बात पर बहुत जोर दिया कि जिला कांग्रेस कमेटी की शक्तियां और जिम्मेदारियां बढ़ने जा रही हैं। वहीं, अब उनकी परफॉर्मेंस को आंका भी जाएगा। उनकी परफॉर्मेंस को आंकते वक्त ये भी देखा जाएगा कि पंचायत स्तरीय चुनाव से लेकर लोक सभा के चुनाव तक उनके क्षेत्र में वोटिंग परसेंटेज कितनी रही? इसी के आधार पर जिला अध्यक्ष का पार्टी में कार्य तय किया जाएगा।

पवन खेड़ा ने बताया कि शुक्रवार को बाकी बचे राज्यों की बैठक होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दधिबल यादव

   

सम्बंधित खबर