कांग्रेस नेताओं ने एनडी तिवारी को किया याद

देहरादून, 18 अक्टूबर (हि.स.)। कांग्रेस नेताओं ने शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय में पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी की जयंती और पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने सभी कांग्रेसजनों को उनके जीवन से प्रेरणा लेने और अपनी राजनैतिक कार्यप्रणाली को ठोस वैचारिक आधार देने का प्रयास करने का आह्वान किया।

इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी को याद करते हुए कहा कि नारायण दत्त ने केन्द्रीय मंत्रिमंडल, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री व उत्तराखंड राज्य के प्रथम निर्वाचित मुख्यमंत्री के रूप में देशवासियों को जो सेवाएं दी हैं, उनके लिए उन्हें सदैव याद किया जाता रहेगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य की जो मजबूत नींव रखी गई, उस पर आज एक इमारत खड़ी हो पाई है। उन्होंने कहा कि उनके मुख्यमंत्रित्व काल में राज्य में विभागों का ढांचा तैयार कर विकास की नई बुनियाद डाली गई। राज्य में औद्योगिक क्षेत्रों को विकसित कर राज्य के बेरोजगार नवयुवकों के लिए रोजगार सृजन करने का काम किया गया।

इस माैके पर प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष संगठन मथुरा दत्त जोशी ने कहा कि पंडित नारायण दत्त तिवारी जैसे महान व्यक्तित्व समाज के लिए सदैव प्रेरणा के स्रोत रहेंगे। जिस प्रशासनिक दृढ़ता और सूजबूझ का परिचय दिया, वह हमारे लिए आज भी आदर्श हैं। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविन्दर सिंह गोगी ने कहा कि एनडी तिवारी नवोदित उत्तराखंड की जो नींव रखी थी आज वह हम सबके लिए प्रेरणास्राेत बनी हुई है।

श्रद्धांजलि देने वालों में प्रदेश उपाध्यक्ष मथुरा दत्त जोशी,पूरन सिह रावत,महामंत्री नवीन जोशी, महानगर कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ.जसविन्दर सिंह गोगी, प्रदेश अध्यक्ष के सलाहकार अमरजीत सिंह, मुख्य प्रवक्ता गरिमा माहरा दसौनी, आई के प्रदेश अध्यक्ष विकास नेगी, प्रदेश प्रवक्ता शीशपाल सिह बिष्ट, सुनीता प्रकाश,पूर्व पार्षद जगदीश धीमान और मोहन काला आदि शामिल थे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार

   

सम्बंधित खबर