आदिवासियों की सबसे ज्यादा विरोधी कांग्रेस पार्टी है : प्रतुल
- Admin Admin
- Jul 01, 2025
रांची, 01 जुलाई (हि.स.)। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाह देव ने कांग्रेस पार्टी पर आदिवासी विरोधी होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष समेत तमाम नेता वर्तमान में आदिवासियों के हितों के लिए आंसू बहाने का नाटक कर रहे है जबकि इनका इतिहास आदिवासियों पर अत्याचार से भरा हुआ है।
प्रतुल ने मंगलवार को बयान में कहा कि सरायकेला खरसावां गोली कांड में हजारों आदिवासियों को गोली मार दिया गया था। गुआ गोली कांड में झारखंड आंदोलनकरियों को थाने के हवालात से बाहर निकालकर गोली मार दी गई थी। दोनों समय कांग्रेस की ही सरकार प्रदेश में थी। मामले को रफा दफा कर दिया गया। उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलन की सबसे बड़ी विरोधी कांग्रेस पार्टी ही रही थी। आंदोलनकारी पर जुल्म ढाया गया था।कांग्रेस ने आजादी के बाद से इस मांग को लंबे समय तक लटका कर रखा। आवश्यकता पड़ने पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के सांसदों को खरीद भी लिया लेकिन अलग राज्य नहीं दिया था।
देश की प्रथम आदिवासी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के खिलाफ कांग्रेस ने वोट किया था-
प्रतुल ने कहा कि जब देश को पहली बार एक आदिवासी राष्ट्रपति मिलने वाली थी तो कांग्रेस ने पूरे देश में द्रौपदी मुर्मु के खिलाफ वोटिंग की थी। कांग्रेस ने अपने अधिकांश सहयोगी दलों से भी द्रौपदी मुर्मु के खिलाफ वोट दिलाया था। उसे समय इनका आदिवासी प्रेम गायब हो गया था। ये घटना इनकी आदिवासियों के प्रति असली सच को उजागर करता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे



