मानसून से पहले पूरा करें चरखारी बाईपास फोरलेन सड़क निर्माण : जिलाधिकारी

- डीएम ने कार्य में शिथिलता बरतने को लेकर जल निगम के अवर अभियंता एवं सहायक अभियंता का रोका वेतन

महोबा, 19 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के महोबा जिले की जिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने मंगलवार को मुख्यालय स्थित परमानन्द तिराहा से झलकारी बाई तिराहा तक निर्माणाधीन मार्ग की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने धीमी प्रगति एवं कार्य में शिथिलता बरतने को लेकर बैठक में जल निगम के अवर अभियंता एवं सहायक अभियंता के वेतन रोकने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मानसून आने से पहले बाईपास रोड निर्माण पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।

जनपद मुख्यालय स्थित डीएम कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में अधीक्षण अभियन्ता विद्युत ने बताया कि सड़क के दोनों ओर विद्युत पोल लग गये हैं। एल.टी. लाइन का काम चल रहा है। 11 के.वी. की लाइन दो दिन में आ जायेगी, उसका भी कार्य प्रारम्भ हो जायेगा। जिस पर जिलाधिकारी द्वारा अधीक्षण अभियन्ता से स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिये गये हैं। इसके साथ ही दो सप्ताह में एल.टी. लाइन एवं 11 के.वी. लाइन का कार्य पूर्ण नहीं होने पर सम्बन्धित फर्म को काली सूची में दर्ज करते हुये अधीक्षण अभियंता के विरूद्ध भी कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं।

बैठक में अधिशाषी अभियन्ता जल निगम ने बताया 500 मीटर का कार्य हो गया है, सामग्री समाप्त होने के कारण कार्य रूका हुआ है। जिस पर डीएम ने अधिशाषी अभियन्ता से स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। जल निगम द्वारा कार्य में शिथिलता बरतने और उनका कोई सहायक अभियन्ता अथवा अवर अभियन्ता मौके पर न रहने और न ही मुख्यालय में निवास करने के कारण कार्य की शिथिलता को देखते हुये जल निगम के अवर अभियंता अतुल कुमार एवं सहायक अभियंता मुनीस अली का वेतन रोकने के निर्देश दिये हैं।

डीएम ने जल निगम के अधिशाषी अभियन्ता को रात-दिन दो शिफ्ट में लेबर लगाकर तेजी से काम करा 10 दिन के अन्दर पाइप लाइन का कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। ताकि लोक निर्माण विभाग कार्य तेजी से कर सके।

डीएम ने कहा कि मानसून आने के पहले सड़क का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया जाएअन्यथा कि स्थिति में सम्बन्धित अधिकारियों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जायेगी। बैठक में अधीक्षण अभियन्ता विद्युत, अधिशाषी अभियन्ता लोक निर्माण विभाग, अधिशाषी अभियन्ता जल निगम (नगरीय) एवं नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी मौजूद रहे हैं।

---------------

   

सम्बंधित खबर