एनएचएम में संविदा भर्ती को मिली रफ्तार, 3,578 नर्स और सीएचओ को मिला पदस्थापन

जयपुर, 02 जुलाई (हि.स.)। सरकार ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में रिक्त पदों को भरने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत संविदा आधार पर 3,578 नर्स एवं सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) को पदस्थापित कर दिया है। शेष चयनित सीएचओ अभ्यर्थियों को ब्रिज कोर्स पूरा होने के बाद शीघ्र ही नियुक्ति दी जाएगी।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल तथा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के निर्देशों पर विभाग में भर्ती प्रक्रिया मिशन मोड में पूरी की जा रही है। इसी क्रम में एनएचएम के अंतर्गत संविदा भर्ती को अंतिम रूप देते हुए चयनित अभ्यर्थियों को प्रदेशभर में नियुक्तियां प्रदान की गई हैं।

एनएचएम के मिशन निदेशक डॉ. जोगाराम ने बताया कि राजस्थान अधीनस्थ एवं मंत्रालयिक सेवा चयन बोर्ड द्वारा भर्ती प्रक्रिया पूरी कर अंतिम परिणाम जारी किया गया।

इसके आधार पर संविदा नर्स भर्ती-2025 में चयनित 1,932 अभ्यर्थियों को नर्स पद पर पदस्थापित कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) के कुल 3,822 चयनित अभ्यर्थियों में से 1,646 अभ्यर्थियों ने आवश्यक ब्रिज कोर्स पूरा कर लिया है। इन अभ्यर्थियों को राजहैल्थ पोर्टल के माध्यम से विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में पदस्थापित किया जा चुका है।

विभाग के अनुसार शेष 2,176 चयनित सीएचओ अभ्यर्थियों का विभागीय स्तर पर ब्रिज कोर्स कराया जाएगा।

प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद उन्हें भी शीघ्र ही नियुक्ति देकर पदस्थापित किया जाएगा। एनएचएम के तहत नर्स एवं सीएचओ का पदस्थापन प्रदेश के सभी 41 जिलों में किया गया है। विभाग का मानना है कि इन नियुक्तियों से प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी, स्वास्थ्य संस्थानों में मानव संसाधन की कमी दूर होगी और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार आएगा।

---------------

   

सम्बंधित खबर