सजायाफ्ता कैदी पुलिस को चकमा देकर फरार

शिमला, 28 सितंबर (हि.स.)। नाबालिग से दुःकर्म मामले में सजायाफ्ता कैदी पुलिस कर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया। इस घटना से शहर में हडकम्प मच गया। मामला हिमाचल की राजधानी शिमला का है। यहां के कंडा जेल में सजा काट रहे एक कैदी को उपचार के लिए आईजीएमसी लाया गया था। आईजीएमसी से वापस कंडा जेल ले जाते समय शनिवार को उपनगर बालूगंज के पास तवी मोड़ में कैदी पुलिस कर्मियों को चकमा देखकर फरार हो गया।

कैदी की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी लवकुश (24) के रूप में हुई है। वह किशोरी से दुष्कर्म के मामले में सजायाफ्ता है। कैदी के फरार होने के बाद से शिमला पुलिस ने जिला की सीमाओं पर अलर्ट कर दिया है।

पुलिस टीमें फरार कैदी की तलाश में जुट गई है। माना जा रहा है कि कैदी बालूगंज व टूटू के जंगलों में छिपा है। उसकी तलाश में पुलिस ने कई टीमें लगा दी हैं। वहीं कैदी की सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मियों पर गाज गिरना तय है। इससे पहले भी इसी इलाके से एक कैदी फरार हुआ था, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद तीसरे दिन जंगल से गिरफ्तार किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

   

सम्बंधित खबर