कोलकाता, 30 मई (हि.स.)। दक्षिण 24 परगना जिले के राजपुर-सोनारपुर नगरपालिका के 32 नंबर वार्ड के तृणमूल कांग्रेस पार्षद बरुण सरकार को मछली चोरी के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शनिवार तड़के वह अपने कुछ साथियों के साथ एक भेड़ी (मत्स्यपालन जलाशय) से मछली चोरी करने पहुंचे थे।
स्थानीय लोगों के अनुसार, भेड़ी से मछली निकाले जाने की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पार्षद को घेर लिया। बाद में पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और बरुण सरकार को लोगों के बीच से निकालकर अपने साथ ले गई।
पुलिस ने बाद में मछली चोरी के आरोप में उन्हें गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि उनके पास से मछली पकड़ने के जाल, अन्य उपकरण तथा मछली रखने के बर्तन भी बरामद किए गए हैं।
हालांकि, बरुण सरकार ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को खारिज किया है।
उल्लेखनीय है कि राज्य में नई सरकार के गठन के बाद से विभिन्न मामलों में कई तृणमूल पार्षदों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इससे पहले रंगदारी, भ्रष्टाचार और मारपीट जैसे आरोपों में कई पार्षद पुलिस कार्रवाई का सामना कर चुके हैं। मछली चोरी के आरोप में किसी पार्षद की गिरफ्तारी का यह पहला मामला बताया जा रहा है।
---------------

