मंडी पुलिस की बड़ी कामयाबीः लाखों की चरस के साथ कसौली का युवक काबू
- DSS Admin
- Jul 06, 2026
मंडी, 06 जुलाई (हि.स.)। नशे की तस्करी के मामले में मंडी जिला पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। इस बार एक बड़ी खेप 3.66 किलो के साथ सोलन जिले के कसौली का युवक हत्थे चढ़ा है। पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने बताया कि जिला पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल हुई है। बीती रात पुलिस ने मंडी कुल्लू फोरलेन पर दवाडा फ्लाईओवर के पास झलोगी में नाकाबंदी करके नियमित जांच की जा रही थी। इसी बीच एक वाहन को जब रोका गया तो उसमें बैठे व्यक्ति के पास तलाशी के दौरान 3 किलो 66 ग्राम चरस बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार चरस के साथ पकड़े गए व्यक्ति की पहचान आशीष ठाकुर निवासी तहसील कसौली, जिला सोलन के तौर पर हुई है। उसे सोमवार को अदालत में पेश किया गया तथा उसका रिमांड हासिल किया गया। उससे कड़ी पूछताछ की जा रही है। वह यह माल कहां से लेकर आ रहा था तथा इसे कहां ले जाकर बेचना था इसे लेकर कड़ी पूछताछ की जा रही है। पुलिस उसके संबंध में रिकार्ड की भी छानबीन कर रही है।
---------------

