वीसीए समर कप शतरंज 2026 के विजेता बने सुरिंदर गुप्ता
- Neha Gupta
- Jul 06, 2026

जम्मू, 06 जुलाई । वीसीए समर कप शतरंज 2026 का सफल आयोजन अकादमी परिसर में किया गया जिसमें जून-जुलाई समर कप के तहत लगभग 22 खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का आयोजन अंक प्रणाली के आधार पर किया गया जिसके बाद ओपन, महिला और अंडर-10 वर्ग के शीर्ष अंक हासिल करने वाले खिलाड़ियों ने फाइनल चरण में प्रवेश किया। समापन समारोह में समाज कल्याण विभाग की सहायक क्राफ्ट टीचर दीपिका कपूर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को कुल 3,000 रुपये की नकद पुरस्कार राशि और पदक वितरित कर सम्मानित किया।
ओपन वर्ग में सुरिंदर गुप्ता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में केशव को हराया जबकि आद्विक गुप्ता ने अध्यन को मात देकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबले में सुरिंदर ने आद्विक को हराकर सुपर फाइनल में जगह बनाई जहां उनका मुकाबला शीर्ष अंक हासिल करने वाली अमृता गुप्ता से हुआ। सुपर फाइनल का मुकाबला ड्रॉ रहने के बाद 3+2 टाइम कंट्रोल के टाई-ब्रेक में सुरिंदर गुप्ता ने जीत दर्ज कर वीसीए समर कप शतरंज 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। अमृता गुप्ता उपविजेता रहीं जबकि आद्विक गुप्ता तीसरे स्थान पर रहे। महिला वर्ग में नितिका निषाद ने फाइनल में गुंजन को हराकर सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी का खिताब जीता। वहीं अंडर-10 वर्ग में मनुश्री निश्चल ने फाइनल में प्रिंस को पराजित कर सर्वश्रेष्ठ अंडर-10 खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल किया।

