जबलपुर : विदाई से पहले बारात में बवाल, पथराव में दुल्हन का भाई समेत तीन घायल
- DSS Admin
- Jul 04, 2026
जबलपुर, 04 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित शिवनगर के कमल बारात घर में शादी समारोह के दौरान विदाई से पहले शुक्रवार देर रात विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि बारात में शामिल तीन युवकों ने शराब के नशे में हंगामा किया और विरोध करने पर दुल्हन पक्ष के लोगों पर पथराव कर दिया।
घटना में दुल्हन का भाई समेत तीन लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, चौकीताल से आई बारात में शामिल विंदी चौधरी, कमल चौधरी और पारस चौधरी कथित रूप से शराब के नशे में मेहमानों के बीच गाली-गलौज और हंगामा कर रहे थे। इस दौरान दुल्हन के पिता परमीलाल, उनके बेटे साहिल अहिरवार और ताऊ राजेश कुमार अहिरवार ने उन्हें समझाने का प्रयास किया।
बताया गया है कि अनुशासनहीनता के चलते तीनों युवकों को बारात घर से बाहर जाने के लिए कहा गया। इससे नाराज होकर आरोपियों ने बाहर सड़क किनारे पड़े पत्थरों से दुल्हन पक्ष के लोगों पर हमला कर दिया।
पथराव में दुल्हन का भाई साहिल अहिरवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि पिता परमीलाल और ताऊ राजेश कुमार को भी सिर और शरीर पर चोटें आई हैं।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
---------------

