कैथल : सुरक्षा पाने को ज्वैलर ने रची फिरौती की कहानी,अब सलाखों के पीछे

फर्जी कॉल करने वाला बदमाश देवेंद्र और खुद को फर्जी कॉल करवाने वाला  फतेहपुर पूंडरी का कारोबारी  रवि वर्मा पुलिस की गिरफ्त में


अपने ही परिचित से विदेशी नंबर से करवाई कॉल

कैथल, 01 जुलाई । पूंडरी क्षेत्र के एक ज्वेलर्स से दो करोड़ रुपये की फिरौती मांगने का मामला फर्जी निकला है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि ज्वेलर्स ने पुलिस सुरक्षा हासिल करने के उद्देश्य से अपने ही साथी से विदेशी व्हाट्सएप नंबर के जरिए खुद को धमकी भरी कॉल करवाई थी। मामले का पर्दाफाश करते हुए स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट (एसडीयू) ने शिकायतकर्ता और कॉल करने वाले उसके साथी, दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।

फतेहपुर-पूंडरी निवासी रवि वर्मा ने 16 जून को पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर बताया था कि उसकी पूंडरी में लवली ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। उसने आरोप लगाया था कि 13 जून को एक विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई, जिसमें उसे जान से मारने की धमकी देते हुए दो करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट को मामले की जांच के निर्देश दिए थे।

एसडीयू ने साइबर सेल की मदद से तकनीकी और तथ्यात्मक जांच शुरू की। जांच के दौरान कई पहलुओं की पड़ताल की गई, जिसमें शिकायतकर्ता के दावों पर संदेह पैदा हुआ। इसी बीच 28 जून को एसडीयू की टीम ने राजौंद क्षेत्र से सिरसल निवासी देवेंद्र को एक अवैध देसी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ राजौंद थाना में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अदालत से तीन दिन का पुलिस रिमांड लिया गया।

रिमांड के दौरान पूछताछ में देवेंद्र ने अहम खुलासा किया। उसने बताया कि विदेशी व्हाट्सएप नंबर से फिरौती की कॉल उसने रवि वर्मा के कहने पर की थी और इसके बदले रवि ने उसे पैसे भी दिए थे। जांच में सामने आया कि पूरी साजिश पुलिस सुरक्षा प्राप्त करने के उद्देश्य से रची गई थी। इसके बाद पुलिस ने शिकायतकर्ता रवि वर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार देवेंद्र के खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट, लूट और हत्या जैसे गंभीर अपराधों के 11 मामले दर्ज हैं। वहीं रवि पर पुलिस को झूठी सूचना देकर गुमराह करने और सरकारी तंत्र का दुरुपयोग करने के आरोप में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की झूठी शिकायत, फर्जी धमकी या मनगढ़ंत सूचना देकर पुलिस को गुमराह न करें।

---------------

   

सम्बंधित खबर