देवास : 24 घंटे में डीजल इंजन चोरी का खुलासा, दो आरोपित गिरफ्तार

खातेगांव, 17 जून (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के देवास जिले की खातेगांव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डीजल इंजन चोरी की वारदात का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने चोरी किया गया डीजल इंजन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।

पुलिस अधीक्षक पुनीत गहलोत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सौम्या जैन तथा एसडीओपी आदित्य तिवारी के निर्देशन में थाना प्रभारी विजय सिंह लोधी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार ग्राम सुखेड़ी में डीजल इंजन चोरी होने की शिकायत प्राप्त होने के बाद तत्काल एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, भौतिक सबूतों और सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आरोपितों की तलाश शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने ग्राम रिछी निवासी दीनदयाल उर्फ गोलू (30) और गजेंद्र (25) को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें दोनों की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से लगभग 10 हजार रुपये मूल्य का चोरी गया डीजल इंजन बरामद किया है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल (क्रमांक MP-41-ZA-6403), जिसकी कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है, भी जब्त कर ली गई।

खातेगांव पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के प्रयासों को मजबूती मिली है। वहीं पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

   

सम्बंधित खबर