जबलपुर : झाड़फूंक के नाम पर महिला से दुष्कर्म और लूटपाट, दो आरोपी गिरफ्तार

जबलपुर, 23 जून (हि.स.)। बेलबाग थाना क्षेत्र में अंधविश्वास का फायदा उठाकर एक महिला के साथ दुष्कर्म और लूटपाट का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से एक को जेल भेज दिया गया है, जबकि दूसरे से पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में रहने वाली 40 वर्षीय महिला लंबे समय से अस्वस्थ थी। इलाज के बावजूद स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने पर किसी परिचित ने उसे घमापुर चौक निवासी जावेद के बारे में बताया, जो कथित तौर पर झाड़फूंक से बीमारियों का इलाज करने का दावा करता था। इस पर विश्वास कर महिला 16 अप्रैल को जावेद के पास पहुंची।

आरोप है कि जावेद महिला को अपने घर के भीतर ले गया, जहां उसने अगरबत्ती जलाकर कथित तांत्रिक क्रिया शुरू की। धुएं और गंध के प्रभाव से महिला को चक्कर आने लगे, जिसके बाद उसकी बेसुध अवस्था का फायदा उठाकर जावेद ने उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में उसने महिला को तांत्रिक शक्तियों का भय दिखाते हुए घटना का खुलासा करने पर जान से मारने की धमकी दी।

डर के कारण महिला कई दिनों तक चुप रही। जब उसकी तबीयत में कोई सुधार नहीं हुआ और उसने जावेद से शिकायत की, तो उसने महिला को खजरी खिरिया निवासी अपने परिचित छुट्टू शाह के पास भेज दिया। 13 मई को महिला छुट्टू शाह के पास पहुंची, जहां उसने भी झाड़फूंक और तांत्रिक क्रियाओं के नाम पर महिला का दैहिक शोषण किया। इतना ही नहीं, आरोपी ने महिला का सोने का मंगलसूत्र भी लूट लिया और घटना के बारे में किसी को बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।

आखिरकार पीड़िता ने साहस जुटाकर पूरी घटना अपने परिजनों को बताई। इसके बाद सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात बेलबाग थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मंगलवार को न्यायालय में पेश किया। अदालत ने आरोपी जावेद को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है, जबकि छुट्टू शाह को पुलिस रिमांड पर लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों ने इसी तरह अन्य लोगों को भी अपना शिकार तो नहीं बनाया।

---------------

   

सम्बंधित खबर