दुमका, 04 जून (हि.स.)। जिले के टोंगरा थाना क्षेत्र के दतियारपुर मोड़ के पास गुरुवार दर्दनाक सड़क हादसे में अवैध बालू लदे ट्रैक्टर के नीचे दबकर एक किशोर की मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। मृतक की पहचान नाबालिग आकाश सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार बालू लदा ट्रैक्टर टोंगरा की ओर जा रहा था। दतियारपुर मोड़ के समीप पहुंचते ही ट्रैक्टर चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। जिससे ट्रैक्टर असंतुलित होकर सड़क से नीचे खेत में जा गिरा। हादसे के दौरान चालक और एक मजदूर अपनी जान बचाने के लिए ट्रैक्टर से कूद गए। चालक तो सुरक्षित बच निकला, लेकिन ट्रॉली में मौजूद किशोर आकाश सिंह ट्रैक्टर के नीचे दब गया। स्थानीय लोगों की मदद से किशोर को बाहर निकालकर तत्काल इलाज के लिए बीरभूम के सिउड़ी अस्पताल ले जाया गया।
हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। अस्पताल के चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जाता है कि ट्रैक्टर गोड़माला गांव निवासी काजल मंडल का है। हादसे की सूचना मिलते ही टोंगरा पुलिस मौके पर पहुंची और बालू लदे ट्रैक्टर को जब्त कर थाना ले गई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। इस संबंध में थाना प्रभारी गुरु चरण मांझी ने बताया कि अभी तक किसी पक्ष की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है।
आवेदन मिलने के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में अवैध बालू कारोबार को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके में लंबे समय से अवैध बालू का परिवहन बेरोकटोक जारी है और इसमें नाबालिग बच्चों से भी काम कराया जाता है। इस हादसे ने प्रशासन की निगरानी और कार्रवाई पर भी प्रश्नचिह्न खड़ा कर दिया है। अब लोगों की नजर इस बात पर है कि प्रशासन इस मामले में क्या ठोस कदम उठाता है।
---------------

