विन्ध्य महोत्सव में झलकी सांस्कृतिक भव्यता, मंच पर नृत्य-संगीत की अद्भुत छटा
- Admin Admin
- Apr 06, 2025

सोनल मान सिंह की प्रस्तुति बनी आकर्षण का केन्द्र, लोककलाओं की भी छायी धूम
मीरजापुर, 6 अप्रैल (हि.स.)। मां विन्ध्यवासिनी के पावन धाम में नवरात्र के शुभ अवसर पर आयोजित विन्ध्य महोत्सव इस बार कला, संस्कृति और श्रद्धा का अद्भुत संगम बन गया। सजीव मंच पर जहां देवी स्तुति से लेकर लोकगीतों की गूंज रही, वहीं पद्म विभूषण सोनल मान सिंह की नृत्य प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया।
सोनल मान सिंह और उनकी टीम ने कथक व भरतनाट्यम की बेमिसाल प्रस्तुति के माध्यम से गंगा अवतरण और भगवान श्रीराम व निषादराज संवाद जैसे पौराणिक प्रसंगों को इस खूबसूरती से जीवंत किया कि पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मझवां विधायक शुचिस्मिता मौर्य ने दीप प्रज्ज्वलन और देवी चित्र पर माल्यार्पण कर किया। उन्होंने कहा कि यह मंच न सिर्फ आस्था का प्रतीक है, बल्कि उभरते कलाकारों को पहचान दिलाने का सशक्त माध्यम भी है।
लोक संस्कृति की सजीव मिसाल बनीं पूर्वांचल की चर्चित लोकगायिका संजू सिंह, जिनके देवी गीत, पचरा और पारंपरिक लोकगीतों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। दर्शकों की मांग पर बार-बार गीतों की पुनरावृत्ति होती रही।
इसके अलावा महोत्सव में संस्कृति विभाग लखनऊ की कथक नृत्यांगना पूजा अग्रवाल, विंग्स डांस एकेडमी, उत्तर मध्य सांस्कृतिक केंद्र के इंदल सिंह कुशवाहा और प्रकाश मलिक, वाराणसी की लोकगायिका सरोज वर्मा, मुंबई में कार्यरत एकता श्रीमाली, विद्यासागर प्रेमी, रामनारायण यादव, शिवांगी उमर, किरण चैरसिया और सरोज श्रीवास्तव जैसे कलाकारों ने मंच पर विविध रंग बिखेरे।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा