शादी का झांसा देकर दलित महिला से बलात्कार,पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
- DSS Admin
- Jun 08, 2026
नोएडा, 08 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के नोयडा में प्रेमी द्वारा शादी से इन्कार करने पर एक दलित महिला ने जहरीला पदार्थ खा लिया। उसे आनन-फानन में नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया, वहां से उसे नोएडा के सेक्टर 50 स्थित मेदांता अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया है। वहां पर महिला उपचाराधीन है। इस मामले में पुलिस ने शादी का झांसा देकर बलात्कार करने की धारा में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सूरजपुर में रहने वाली एक 23 वर्षीय दलित महिला के अनुसार उसके पति की कुछ समय पूर्व देहांत हो गया था। इसी बीच प्रियांशु नामक युवक उसके संपर्क में आया। वह प्रियांशु के साथ बरौला गांव में रहने लगी। प्रियांशु ने शादी का झांसा देकर उसके साथ काफी दिनों तक बलात्कार किया। महिला के अनुसार अब प्रियांशु उससे शादी करने से इंकार कर रहा है।
इस मामले में महिला ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत की थी। इसकी जांच एसीपी तृतीय नोएडा के कार्यालय में चल रही थी। महिला रविवार को एसीपी कार्यालय में बयान दर्ज कराने आई थी। उसने एसीपी कार्यालय में तैनात मुंशी को अपना बयान दर्ज करवाया। उसका प्रेमी आशीष उर्फ अभिषेक भी जांच के लिए वहां पर आया। इसी बीच महिला ने बताया कि उसकी तबीयत खराब है। पुलिस और प्रियांशु ने उसे आनन-फानन में नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया, वहां पर महिला ने बताया कि उसने सल्फास की गोली खा ली है। इस सूचना पर पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा महिला को उपचार के लिए मेदांता अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
इस बाबत पूछने पर पुलिस उपायुक्त साद मिंया खान ने बताया कि मेडिकल जांच के दौरान इस बात की अभी तक पुुष्टि नहीं हुई है कि महिला ने कोई जहरीला पदार्थ खाया है। उन्होंने बताया कि महिला की शिकायत पर प्रियांशु के खिलाफ शादी का झांसा देकर बलात्कार करने की धारा में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
---------------

