लगातार बारिश के बीच डीसी कठुआ ने संवेदनशील क्षेत्रों का लिया जायजा
- Rahul Sharma
- Jul 22, 2026
कठुआ। स्टेट समाचार
डिप्टी कमिश्नर कठुआ राजेश शर्मा ने सोमवार को लगातार बारिश के बाद उत्पन्न हालात तथा जिला प्रशासन की तैयारियों का जायजा लेने के लिए लोगेट मोड़, उझ बैराज, तरनाह नाला, मगर खड्ड और चड़वाल समेत जिले के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों का दौरा किया। डिप्टी कमिश्नर के साथ एडिशनल डिप्टी कमिश्नर महिमा मदान तथा संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। दौरे के दौरान उन्होंने बढ़ते जलस्तर का निरीक्षण किया और संवेदनशील क्षेत्रों में किए गए एहतियाती उपायों की समीक्षा की। डिप्टी कमिश्नर ने संबंधित अधिकारियों को नदियों, नालों और अन्य जल स्रोतों पर 24 घंटे निगरानी बनाए रखने तथा हालात पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने फील्ड एजेंसियों को संवेदनशील क्षेत्रों में समय पर सार्वजनिक घोषणाएं करने तथा आवश्यकता पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए निकासी दलों (इवैक्युएशन टीमों) और आवश्यक संसाधनों को तैयार रखने के निर्देश दिए।
आपसी समन्वय पर जोर देते हुए उन्होंने सभी विभागों को हाई अलर्ट पर रहने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि मौजूदा मौसम परिस्थितियों में नदियों, नालों अथवा अन्य जल स्रोतों के समीप जाने से बचें। उन्होंने लोगों को प्रशासन द्वारा जारी सलाह का सख्ती से पालन करने तथा जलभराव और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में लोग तत्काल सहायता के लिए जिला आपदा नियंत्रण कक्ष, कठुआ के हेल्पलाइन नंबर 01922-238796 पर संपर्क कर सकते हैं अथवा ईआरएसएस -112 पर कॉल कर सकते हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।

